सरेंडर करने जा रहे हत्यारोपित को अगवा करने की कोशिश
सोमवार की सुबह व्यवहार न्यायालय शिवहर में आत्मसमर्पण करने जा रहे हत्यारोपितों को घेरकर बुरी तरह पीटने एवं अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है।
शिवहर। सोमवार की सुबह व्यवहार न्यायालय शिवहर में आत्मसमर्पण करने जा रहे हत्यारोपितों को घेरकर बुरी तरह पीटने एवं अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर तत्क्षण पहुंचे नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार राय ने उक्त घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। तत्पश्चात न्यायालय के समक्ष उपस्थित कराया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मालूम हो कि बीते 5 मार्च 19 को भलुआहीं निवासी लक्ष्मी नारायण सिंह के शिक्षक पुत्र अमरेश सिंह की हत्या कर दी गई थी। जिसमें अभय सिंह एवं अनिल कुमार को नामजद किया गया था। जिसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय द्वारा कुर्की जब्ती वारंट निर्गत किया गया था। नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार राय ने बताया कि बताया गया है कि दोनों ही अभियुक्त कुर्की जब्ती वारंट से बचने को आज न्यायालय पहुंचने ही वाले थे कि वादी पक्ष मृतक के के भाई अंजनी सिंह उर्फ बुलेट सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ लोहे के रॉड एवं क्रिकेट के बल्लों से बुरी तरह पीटा वहीं जीरोमाइल चौक की तरफ ले जाने का प्रयास किया। तभी पुलिस पहुंच गई। सभी बदमाश भाग खड़े हुए। बाद में जख्मी अभय सिंह एवं अनिल कुमार का इलाज कराया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अंजनी सिंह उर्फ बुलेट सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने, अपहरण का प्रयास सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 85/19 दर्ज किया गया है। वहीं उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।