Move to Jagran APP

कश्मीर में लौट आया है अमन : गिरिराज

शिवहर। देश को चलाने के लिए देश के प्रति समर्पण का भाव होना आवश्यक है। आबादी बढ़ने से कोई शासन का हकदार नहीं हो जाता।

By JagranEdited By: Published: Tue, 24 Sep 2019 11:56 PM (IST)Updated: Thu, 26 Sep 2019 06:33 AM (IST)
कश्मीर में लौट आया है अमन : गिरिराज
कश्मीर में लौट आया है अमन : गिरिराज

शिवहर। देश को चलाने के लिए देश के प्रति समर्पण का भाव होना आवश्यक है। आबादी बढ़ने से कोई शासन का हकदार नहीं हो जाता। बीजेपी कभी वोट की राजनीति नहीं करती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का पताका पूरे विश्व में फहराया है। आज दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका भी भारत की ताकत को तवज्जो दे रहा है। मोदी जहां भी जा रहे हैं वहां मोदी- मोदी के नारे लग रहे हैं जिससे संपूर्ण देशवासी गौरव का अनुभव कर रहे हैं। वहीं कुछ लोगों के पेट में दर्द भी हो रहा है तो होने दीजिए। उक्त बातें भारत सरकार में पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी उत्पाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शिवहर समाहरणालय मैदान में कही। वे मंगलवार को बीजेपी के तत्वावधान में आयोजित जन जागरण सभा को संबोधित कर रहे थे। करीब तीन घंटे विलंब से पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने अपने अंदाज में जब संबोधन देना शुरू किया तो देखते ही देखते सुनने वालों की भीड़ और बढ़ती चली गई। कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के लिए पैदा हुआ है उनकी अद्भुत सोच देश को अलग दिशा प्रदान कर रही है। ऐसा शख्स जिसने पहले शौचालय और बाद में देवालय का मंत्र दिया। कहा कि इससे पूर्व स्वामी विवेकानंद ने भी अमेरिका के शिकागो में सनातन का झंडा बुलंद किया था। अपने आधे घंटे के संबोधन में गिरिराज सिंह ने देश की विभिन्न समस्याओं एवं मोदी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की वही अपने पुराने तेवर में ही पाकिस्तान को ललकारने से बाज नहीं आए। जम्मू कश्मीर की चर्चा की कहा कि मोदी सरकार ने धारा 370 एवं 35 (ए) खत्म कर इतिहास कायम किया है। आज 50 दिन से अधिक हो गए और वहां किसी तरह के फसाद नहीं हुए। अमन चैन का वातावरण कायम है। बताया कि किस तरह कश्मीरवासियों के साथ दोहरा व्यवहार किया जाता रहा जिसकी बुनियाद कांग्रेस और खासकर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा रखी गई। आज देश में एक कानून, एक झंडा एक निशान और एक प्रधान का युग आ गया है। राष्ट्रकवि दिनकर की चर्चा करते हुए कहा उनकी लेखनी ने आजादी से पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि एक हाथ में कमल लिए एक में धर्मसूत्र विज्ञान, लेकर उठने वाला है इस धरती पर हिदुस्तान। भारत सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि गरीब का बेटा जब बीमार होता था तो उसके मां-बाप कर्ज के लिए दूसरों के आगे हाथ फैलाते थे आज आयुष्मान भारत के तहत ने पांच लाख तक के इलाज की सुविधा कार्ड के द्वारा मुफ्त दी जा रही है। पीएम आवास, उज्जवला, बीमा योजना, जनधन खाता सहित तमाम योजनाओं की चर्चा की और कहा की सारी योजनाएं अब कश्मीर के लोगों भी एक साथ मिलेगा। कहा कि अब शिवहर का भी कोई आदमी कश्मीर में जमीन खरीद सकता है जो 70 सालों तक संभव नहीं था। पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी के पास 135 करोड़ भारतवासियों की ताकत है जिसका मुकाबला कोई नहीं कर सकता। गिरिराज सिंह पाकिस्तान को ललकारने से फिर बाज नहीं आए चेतावनी दी कि पीओके खाली करो कि हिदुस्तान आता है। कहा कि हमारी सरकार सिविल कोड एवं जनसंख्या नियंत्रण कानून के लागू करके रहेगी। घुसपैठियों को एनआरसी के तहत देश निकाला दिया जाएगा। इस बीच वंदे मातरम, भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगते रहे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार ने इतिहास बदलने का काम किया है। इसमें देश की जनता की बड़ी भूमिका है। जनसंघ के पुराने दिनों का स्मरण करते हुए कहा कि तब भी यह नारा दोहराया जाता था कि कश्मीर हमारा है और आखिरकार कश्मीर हमारा हो गया है। संपूर्ण देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। कश्मीर के हालात की चर्चा करते हुए बताया कि वहां की जनता के साथ किस तरह दोहरे मापदंड अपनाए जाते रहे। कहा कि 370 हटने के बाद कश्मीर अब सचमुच स्वर्ग बन गया है। उसे वह सारे अधिकार प्राप्त हो गए हैं जिससे वे पिछले 70 सालों से सालों से वंचित थे। पुलवामा की भी चर्चा की सैनिकों के शौर्य का बखान किया। एक देश में दो प्रधान दो विधान नहीं चलेगा का नारा लगाया। वही देशवासियों को नरेंद्र मोदी के रूप में एक राष्ट्र प्राणी मिलने की बात कही।

loksabha election banner

शिवहर सांसद रमा देवी ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 का हटना एक ऐतिहासिक भूल का सुधार होने के बराबर है। कोई भी नया इतिहास रचने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है वह हिम्मत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी ने दिखाई है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि देश विकास की तरफ जा रहा है। दुनिया भारत का लोहा मान रही है। गरीबों को अधिकार प्राप्त हो रहे हैं। नित नए अनुसंधान से विज्ञान जगत में भी विश्व के मानचित्र पर हम आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच दर्शक दीर्घा से शिवहर में रेल की मांग वाली तख्ती दिखाई गई। जबाब में सांसद ने आश्वस्त किया कि मोदी हैं तो मुमकिन है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए संयोजक पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा का धन्यवाद किया वही भाजयुमो जिलाध्यक्ष धीरज सिंह चौहान द्वारा युवाओं की सक्रिय भूमिका निभाने के लिए साधुवाद दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.