कोरोना काल में लोकतंत्र का महापर्व मनाने को जिला प्रशासन तैयार
कोरोना संक्रमण के मौजूदा दौर में शिवहर जिला प्रशासन लोकतंत्र के महापर्व के सफल आयोजन की तैयारियों में जुटा है।
शिवहर। कोरोना संक्रमण के मौजूदा दौर में शिवहर जिला प्रशासन लोकतंत्र के महापर्व के सफल आयोजन की तैयारियों में जुटा है। डीएम अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में सहज, सुगम व सुरक्षित मतदान की तैयारियां जारी है। इसबार कोरोना वायरस को लेकर बूथ से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया बदली नजर आएगी। शिवहर विस क्षेत्र में 194 बूथ बढ़ाए गए है। पिछली बार 412 बूथों पर मतदान हुआ था। इसबार बूथों की संख्या 606 हो गई है। डीएम अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना के मद्देनजर विशेष व्यवस्था की गई है। बूथों पर मतदाता, कर्मी और अधिकारी सबके लिए मास्क की अनिवार्यता होगी। कतार लगाने में शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। बूथों पर सैनिटाईजर, पानी और साबुन की व्यवस्था होगी। वोटरों को थर्मल स्कैनिग के बाद ही मतदान करने दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें सिगल यूज ग्लव्स भी दिया जाएगा। बूथों पर महिला व पुरुषों की अलग-अलग कतार होगी। बूथ स्तर पर आशा, आशा फैसिलिटेटर, एएनएम तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य दल के रूप में प्रयुक्त किया जाएगा। मतदान के एक दिन पूर्व बूथों को सैनिटाईज किया जाएगा। डीएम ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ. राजदेव प्रसाद सिंह व संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. जियाउद्दीन जावेद की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सभी कोषांग के लिए अलग-अलग निर्देश जारी किए गए है। स्वास्थ्य दल पदाधिकारी, सैनिटाइजेशन कोषांग का गठन, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, नामांकन तथा नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, राजनीतिक दलों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा चुनावी अभियान, पोस्टर व स्ट्रांग रूम की व्यवस्था भी कोविड-19 को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है।