यज्ञ स्थल पर उमड़ रही श्रद्धा़लुओं की भीड़
शिवहर-मुजफ्फरपुर पथ स्थित कुशहर राजदेवी चौक पर आयोजित संतोषी माता यज्ञ में श्रद्धा़लुओं की भीड़ उमड़ रही है।
शिवहर। शिवहर-मुजफ्फरपुर पथ स्थित कुशहर राजदेवी चौक पर आयोजित संतोषी माता यज्ञ में श्रद्धा़लुओं की भीड़ उमड़ रही है। आज तीसरे दिन मानों श्रद्धा़लुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क से सटे होने से दूर-दूर से लोगों की आवक दिख रही है। निजी एवं भाड़े की गाड़ियों में भरकर महिला श्रद्धालुओं की मंडली पहुंच रही है जो पूजा पंडाल में स्थापित संतोषी माता का दर्शन पूजन कर खुद को धन्यभागी मान रहे हैं। वहीं मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए मन्नतें मान रहे हैं वहीं चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। - मेला परिसर में लगा है मेला यज्ञ में आए श्रद्धालुओं को मेला में खरीदारी करते भी देखा जा सकता है। वहीं मीना बाजार में महिलाओं की भीड़ उमड़ी पड़ी है। इधर बड़ा झूला एवं अन्य मनोरंजन के साधनों के पास खासकर बच्चों की तादाद दिख रही है। वहीं पूजा आयोजन समिति सदस्यों द्वारा श्रद्धा़लुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए स्वयं सेवकों को लगाया गया है। मालूम हो कि बीते 15 नवंबर से प्रारंभ संतोषी माता यज्ञ की पूर्णाहुति 22 नवंबर को की जाएगी। यज्ञ को सफल बनाने के लिए पूजा समिति के अध्यक्ष रामाधार राय, उपाध्यक्ष वीरेंद्र राय, सचिव शालीग्राम राय, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, संचालक फुलगेन राय, व्यवस्थापक रामा राय सदस्य संजय कुमार, मिटू कुमार, फूला राय सहित अन्य को सक्रिय देखा गया।
वहीं दूसरी ओर तरियानी प्रखंड के अठकोनी में 22 नवंबर से संतोषी माता यज्ञ की तैयारी जोरों पर है।