डीएम अंकल! इस नरक से हम सब को निकलवाइए
शहर की सीमा से सटे प्रभुनाथ नगर व शक्तिनगर मोहल्ले के लोगों का जलजमाव के कारण जीना मुहाल हो गया है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को सांप-बिच्छू का भय सता रहा है। वैसे तो नाले की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों के आसपास जलजमाव रहता ही है। लेकिन बरसात में तो हद हो गई है। दोनों मोहल्ले टापू में तब्दील हैं। सड़को पर एक फीट से अधिक पानी बह रहा है। नाले व रोड में अंतर ही मिट गया है। इस बीच कड़ी धूप में गंदे पानी का बदबू लोगों का जीना मुहाल कर रहा है।
जासं, छपरा : शहर की सीमा से सटे प्रभुनाथ नगर व शक्तिनगर मोहल्ले के लोगों का जलजमाव के कारण जीना मुहाल हो गया है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को सांप-बिच्छू का भय सता रहा है। वैसे तो नाले की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों के आसपास जलजमाव रहता ही है। लेकिन बरसात में तो हद हो गई है। दोनों मोहल्ले टापू में तब्दील हैं। सड़को पर एक फीट से अधिक पानी बह रहा है। नाले व रोड में अंतर ही मिट गया है। इस बीच कड़ी धूप में गंदे पानी का बदबू लोगों का जीना मुहाल कर रहा है।
नाले का गंदा पानी भी सड़क पर ही बह रहा है। इसके कारण थोड़ी सी धूप निकलने पर बदबू आने लग रही है। दो दिन पहले ही प्रभुनाथ नगर के लोगों ने सड़क पर पानी के बीच कुर्सी लगाकर बैठक की थी। प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया था। इसके बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। हालांकि इस समस्या को दूर करने के लिए डीएम सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर दो बार वरीय अधिकारी प्रभुनाथनगर का मुआयना कर चुके हैं। इसी बीच बारिश से स्थिति और विषम हो गई है।
एक तरफ कोरोना महामारी का भय तो दूसरी ओर मोहल्ले में हुए जलजमाव से आफत की स्थिति हो गई है। दोनों मुहल्ले में लोग आवश्यक काम से भी घर से बाहर निकलना नही चाह रहे हैं। लेकिन बाहर निकलना उनकी मजबूरी है। शहर के विभिन्न संस्थानों, सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में काम करने वालों का एक बड़ा हिस्सा प्रभुनाथ नगर व शक्तिनगर में रहता है। वर्जन
प्रभुनाथ नगर में जलजमाव की समस्या को लेकर एडीएम को लगाया गया गया है। पूरे प्रोजेक्ट पर वर्क हो रहा है। नाले का किया गया अतिक्रमण भी बड़ी समस्या बनी हुई है, इसको दूर किया जा रहा है। जलनिकासी पर काम चल रहा है। कुछ पानी निकला भी है। समस्या विकट है, इसलिए थोड़ा समय लगेगा। जलजमाव से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
सुब्रत कुमार सेन
जिलाधिकारी, सारण इनसेट
जानलेवा बना एनएच बाइपास पर बना गड्ढ़ा
फोटो 7 सीपीआर 14
जासं, छपरा : शक्तिनगर मोहल्ले के सामन एनएच 19 के बाइपास पर बना गड्ढा जानलेवा हो गया है। करीब तीन फीट गहरा गड्ढा बारिश के पानी में छिपा हुआ है। इस कारण यह काफी खतरनाक बन गया है। शक्तिनगर हनुमान मंदिर से ओवरब्रिज तक सड़क कई जगहों पर गड्ढे में तब्दील है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आना-जाना होता है। छोटे वाहनों व बाइक चालकों के लिए वह गड्ढा एक तरह से कब्रगाह बना हुआ है।
डीएम ने बताया कि इस सप्ताह में गड्ढ़े को पूरी तरह से ठीक कर दिया जाएगा, ताकि राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कत न हो। बरसात के बाद सड़क की पूरी मरम्मत कराई जाएगी।