Move to Jagran APP

दो युवकों को अगवा कर भाग रहे पांच बदमाश गिरफ्तार

सारण। सारण पुलिस ने दो युवकों को अगवा कर भाग रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए अपहृतों

By Edited By: Published: Fri, 04 Dec 2015 03:04 AM (IST)Updated: Fri, 04 Dec 2015 03:04 AM (IST)
दो युवकों को अगवा कर भाग रहे पांच बदमाश गिरफ्तार

सारण। सारण पुलिस ने दो युवकों को अगवा कर भाग रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए अपहृतों को सकुशल बरामद कर लिया है। घटना सुमेरपंट्टी के पास बुधवार रात आठ बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान सत्यवीर सिंह ने दरियापुर व परसा पुलिस को अलर्ट कर वाहन जांच का आदेश दिया। जिसके बाद कार्रवाई की गई। बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए मोकामा विधायक अनंत सिंह के नाम का सहारा लिया। अपराधियों की बीस लाख रुपये फिरौती वसूलने की योजना थी। साथ ही अपहृतों की हत्या कर रेल फैक्ट्री के पास शव फेंक देना था। पुलिस सभी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। वारदात में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है।

loksabha election banner

सारण एसपी की तत्परता व दरियापुर एवं परसा पुलिस की सक्रियता से एक अपहरण की घटना टल गयी। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बदरहियां गांव निवासी विक्रम लोचन सिंह पटना से अपने चार पहिया वाहन से अपने मित्र वाराणसी के बड़ी पिरारी निवासी सुनील कुमार सिंह उर्फ नन्हें सिंह के साथ बुधवार की रात्रि करीब आठ बजे तिलक समारोह में भाग लेने जा रहे थे। एनएच-19 पर सुमेरपट्टी के समीप जाम लगने के कारण वे गाड़ी से उतरकर जाम देखने के लिए आगे बढ़े। इसी बीच कुछ बदमाश सफेद रंग की फोर्ड कार से उतरे और विक्रम लोचन सिंह तथा उनके मित्र नन्हें सिंह को पीछे खड़ी अपनी सफेद रंग की कार में जबरन बैठा लिये। दोनों का अपहरण कर बदमाश पटना के रास्ते भागने लगे। इसी बीच छपरा में आयोजित तिलक समारोह में जा उनके अन्य रिश्तेदारों ने सारण के जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान को अपहरण की जानकारी दी। एसपी सत्यवीर सिंह ने शीघ्र ही दरियापुर और परसा पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सूचना मिलते ही परसा व दरियापुर पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच परसा चेक पोस्ट पर जैसे ही गाड़ी रुकी पुलिस ने उसकी तहकीकात की। जांच के क्रम में पुलिस ने नन्हें व विक्रम लोचन सिंह को कार से जहां बरामद कर लिया वहीं पांच बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिसिया पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि उनसे 20 लाख फिरौती की मांग करने की योजना थी। फिरौती नहीं मिलने पर गोली मारकर फैक्ट्री के पास फेंक देने की प्लानिंग भी की गयी थी। विक्रम लोचन सिंह के बयान पर परसा थाने में बदमाशों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बक्सर जिले के डुमरांव गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार, पटना जिले के गांधी मैदान निवासी कन्हैया प्रसाद, रोणित कुमार, झारखंड के रांची जिले के डोरंडा निवासी रवि कुमार व पटना जिले के रामनगर निवासी आकाश कुमार को अभियुक्त बनाया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि ये सभी बदमाश अनंत सिंह का नाम बताकर गिरफ्तारी से बचना चाह रहे थे और पुलिस को धमकी भी दे रहे थे। अपराधियों के पास से सुनील प्रसाद सिंह का मोबाइल नंबर बरामद किया गया है। पुलिस बरामद गाड़ी का कागजात नहीं होने के कारण प्रथम दृष्टया उसे चोरी की मान रही है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय ने बताया कि पकड़े गये बदमाशों के पास से कोई भी असहला बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले की अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.