सुनीता ने संभाली मेयर की कुर्सी
नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुनीता देवी ने शुक्रवार को पूजा- पाठ के बाद कुर्सी संभाली।
छपरा। नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुनीता देवी ने शुक्रवार को पूरे विधि विधान से पूजा- पाठ के बाद कुर्सी संभाली। पदभार ग्रहण के बाद मेयर एक्शन मोड में आ गई। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। दीपावली तक शहर के सभी खराब लाइट को ठीक कराई जाएगी। गली - मोहल्लों को पूरी तरह से चकाचक किया जाएगा। वार्ड के विकास के लिए पार्षदों के साथ मिलकर कार्य करूंगी। शहर के विकास के मुद्दे पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा। त्योहारी मौसम में मुख्य सड़क से लेकर गली तक में प्रतिदिन सफाई हो इसकी वे खुद निगरानी करेंगी। सफाई को लेकर जल्द ही सफाई निरीक्षक एवं सिटी मैनेजर के साथ बैठक करूंगी। शहर को साफ - सुथरा रखने के लिए शहर के प्रबुद्ध लोगों की भी राय ली जाएगी।
नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों का बकाया मानदेय व बैठक का भत्ता अविलंब दिया जाएगा। इसकी संचिका निगम प्रशासन से मांगी गई है। हर एक वार्ड का सामान्य रूप से विकास किया जाएगा। जिन वार्ड में नली -गली नहीं बना है, उसे चिह्नित करके बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। इसके पूर्व वार्ड पार्षद एवं कई समाजिक कार्याकताओं ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
मौके पर पूर्व डिप्टी मेयर अमृतांजलि सोनी, पार्षद विजय कुमार, संजय प्रसाद, कृष्ण कुमार शर्मा, संजीव रंजन उर्फ भोदा, मंजू देवी, रंजना देवी, उरप्रमिला देवी, किरण देवी, विष्णु गुप्ता, अनिल बैठा, योगेंद्र भगत, मुन्ना अंसारी, शशि गुप्ता, प्राण कुमार चंद्रवशी, समाजिक कार्यकर्ता साहेब रजा खान छपरवी आदि मौजूद थे।