गंगा सिंह कॉलेज में फिर शुरू होगी लॉ की पढ़ाई : कुलपति
गंगा सिंह कॉलेज का 56 वां स्थापना दिवस रविवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। उद्घाटन जेपीयू के कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह प्रतिकुलपति प्रो. अशोक कुमार झा एवं प्राचार्या डा. इंदू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जागरण संवाददाता, छपरा :
गंगा सिंह कॉलेज का 56 वां स्थापना दिवस रविवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। उद्घाटन जेपीयू के कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह, प्रतिकुलपति प्रो. अशोक कुमार झा एवं प्राचार्या डा. इंदू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर कुलपति ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने बड़ी त्याग एवं तपस्या से शैक्षणिक संस्थान को खोला है, यह हमारे लिए धरोहर है। इसका संरक्षण करना हमारी जिम्मेवारी है। कपिलदेव सिंह ने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शहर के बीचों -बीच यह कॉलेज खोला था। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुख:द है संविधान के निर्माता देशरत्न डा. राजेंद्र प्रसाद के जनपदमें विधि की पढ़ाई नहीं हो रही है। गंगा सिंह कॉलेज में बंद पड़ी विधि की पढ़ाई जल्द शुरू की जाएगी। उसके अड़चन को दूर करने के लिए सरकार, राजभवन एवं बार काउंसिल आफ इंडिया से पत्राचार किया जाएगा। बतौर विशिष्ट अतिथि प्रोवीसी ने कहा कि विश्वविद्यालय में बचे हुए विषयों में गेस्ट लेक्चरर की बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।चुनाव के बाद मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में शिक्षकों की बहाली के बाद शैक्षणिक माहौल बना है। छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ी है। प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज में व्यवसायिक कोर्स प्रारंभ करने में प्रशासन जुटा है। इस अवसर पर कॉलेज में हुई विभिन्न प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को कुलपति ने पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में कॉलेज की पत्रिका गंगा का लोकार्पण किया गया। कॉलेज की छात्रा सपना, दीपा,सर्जना, अमरजीत, अनामिका, प्रिया, कुणाल, हिमांशु आदि ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत धमाल मचा दिया। अनुप्रिया ने भोजुपरी गीत प्रस्तुत कर शमां बांधा। मंच संचालन डा. मनोज कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डा. हरिकेश यादव ने किया। इस मौके पर डा. अशोक कुमार झा, डा. आदित्य चंद्र झा, डा. सीवी मिश्रा, प्रो. कुमकुम रे, प्रो. चेतना, प्रो. पूजा, प्रो. अभिषेक चतुर्वेदी, डा. धमेद्र कुमार सिह, डा. हरिमोहन कुमार पिटू, डा. नारद प्रसाद, संजय कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, प्रभात कुमार सिंह, अनिल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।