विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला 2026 की तारीख तय, 32 दिन तक सजेगा मेला; कब से शुरू होगा और क्या-क्या रहेगा खास

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:54 PM (IST)

विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 की तारीखें घोषित हो गई हैं। यह मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 ...और पढ़ें

सोनपुर मेला

सोनपुर मेला

जागरण संवाददाता, छपरा(सोनपुर)। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। मेले की तारीख तय कर दी गई है। इस बार सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर 2026 तक चलेगा। यानी पूरे 32 दिनों तक सोनपुर में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, मनोरंजन और खेलकूद का संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन सारण के संयुक्त तत्वावधान में मेले का आयोजन होगा।

22 नवंबर को होगा भव्य आगाज

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर लगने वाले सोनपुर मेले का भव्य उद्घाटन 22 नवंबर 2026 को निर्धारित किया गया है।

उद्घाटन के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मेला क्षेत्र में कई तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

दो जोन और 10 सब-जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र

मेले के बेहतर संचालन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को दो जोन और 10 सब-जोन में विभाजित किया गया है। स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा।

स्नान घाटों, प्रमुख सड़कों, डाक बंगला, नखास क्षेत्र और प्रशासनिक शिविरों में 24 घंटे सफाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

महाआरती से रामलीला तक धार्मिक आयोजन

सोनपुर मेले में धार्मिक आयोजनों का भी विशेष आकर्षण रहेगा। गंडक नदी के तट पर नियमित महाआरती, भव्य रामलीला और भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

नौका दौड़ और दंगल बढ़ाएंगे रोमांच

धार्मिक आयोजनों के साथ इस बार भी खेलकूद और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम लोगों को आकर्षित करेंगे। ऐतिहासिक नौका दौड़, पारंपरिक कुश्ती-दंगल और पतंगबाजी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मेले में आने वाले लोगों के लिए ये आयोजन खास आकर्षण रहेंगे।

32 दिनों तक दिखेगी देश के अलग-अलग हिस्सों की लोक संस्कृति

सोनपुर मेले में पूरे 32 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जोन की लोक-संस्कृतियों पर आधारित कार्यक्रमों में स्थानीय और राज्यस्तरीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इससे मेले में बिहार के साथ विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी।

नखास क्षेत्र में लगेंगी आधुनिक प्रदर्शनियां

नखास क्षेत्र में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभागों की ओर से आकर्षक स्टॉल और आधुनिक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों के जरिए अलग-अलग विभागों की योजनाओं, उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी लोगों को दी जाएगी।

स्नान घाटों पर सुरक्षा के खास इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए काली घाट, साधु गाछी, पुराने गंडक पुल और पहलेजा घाट पर बैरिकेडिंग की जाएगी। नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा निःशुल्क एंबुलेंस और पशु चिकित्सा शिविर की भी व्यवस्था की जाएगी।

याद रखें सोनपुर मेले की तारीख

  • सोनपुर मेला 2026 : 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक।
  • कुल अवधि : 32 दिन।
  • मुख्य आकर्षण : महाआरती, रामलीला, भागवत कथा, नौका दौड़, दंगल, पतंगबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम।