छपरा में पाए गए छह कोरोना पाजिटिव, संख्या बढ़कर हुई 220
जिले में मंगलवार को छह नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें सोनपुर छपरा शहर एवं तरैया प्रखंड के संक्रमित शामिल हैं।
जासं, छपरा : जिले में मंगलवार को छह लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 220 हो गई है। अब तक जिले में छह की जान कोरोना वायरस के चलते जा चुकी है जबकि 183 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।
नए पॉजिटिव पाए गए मरीजों में सोनपुर प्रखंड के दो, छपरा शहर के तीन तथा तरैया प्रखंड के एक मरीज शामिल हैं। इसमें चार महिलाएं हैं। रिपोर्ट के अनुसार तरैया प्रखंड के नारायणपुर गांव की 32 वर्षीय महिला, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजार समिति निवासी 40 वर्षीय तथा 32 वर्षीय महिला, नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग मुहल्ले का 28 वर्षीय युवक और सोनपुर प्रखंड के राहर दियारा की 28 वर्षीय महिला, सबलपुर गांव के 20 वर्षीय युवक शामिल हैं। सिविल सर्जन डा माधवेश्वर झा ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए छह लोगों को सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है और इनके संपर्क में आने वाले लोगो की पहचान की जा रही है।