सारण में कोरोना से लड़ने को बनाए छह कोषांग
सारण। सारण जिले में कोरोना से लड़ाई जितने के लिए जिलाधिकारी डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे
सारण। सारण जिले में कोरोना से लड़ाई जितने के लिए जिलाधिकारी डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने छह कोषांग का गठन किया है। इस सभी छह कोषांगों में नोडल पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसकी बैठक समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को की गई। डीएम ने कहा कि जिला स्तर पर गठित इन कोषांगों के पदाधिकारी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर गठित विभिन्न कोषांगों से समन्वय स्थापित कर सूचनाओं को प्राप्त करेंगे एवं इस महामारी से बचने हेतु हर संभव उपाय सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार संक्रमण में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को भी सचेत और सुरक्षित रहने की जरूरत है। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकलें। घर से निकलते समय मास्क का उपयोग जरूर करें। शहरी क्षेत्र में स्थिति अधिक गंभीर बनते जा रही है। नगर आयुक्त को कंटेनमेंट जोन में कड़ाई बरतने और सैनिटाइजेशन के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
आक्सीजन सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में खरीदा जाएगा :
सिविल सर्जन को प्रर्याप्त मात्रा में आक्सीजन सिलेंडर खरीद लेने का निर्देश देते हुए कहा गया कि आइसोलेशन वार्ड में रह रहे पॉजिटिव लोगों को अच्छा खाना दिया जाय। खाना के लिए अलग से व्यवस्था बनायी जाय। इसकी मॉनीटरिग करने का निर्देश अपर समाहर्ता डॉ. गगन को दिया गया। सारण में 15 दिनों में आठ की गई जानें वर्तमान में जिला में कोविड के एक हजार से अधिक मामले एक्टिव हैं। अप्रैल माह में अभी तक 8 मृत्यु प्रतिवेदित है। जिला में 108 माइक्रों कंटेनमेंट जोन बनाये गये है। बैठक में नगर आयुक्त संजय उपाध्याय, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्ता डॉ. गगन, अपर समाहर्ता विभागीय जांच भरत भूषण प्रसाद, सिविल सर्जन जेपी सुकुमार समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
इनसेट :
करोनो संक्रमण को रोकने को ले छह सेल :
1. होम क्वारंटाइन सेल तथा कॉल सेन्टर कोषांग :
होम क्वारंटाइन सेल तथा कॉल सेन्टर कोषांग है। जिसका वरीय पदाधिकारी उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी को बनाया गया है। इस कोषांग के द्वारा होम क्वारंटाइन में रह रहे लोगों से प्रतिदिन मोबाइल पर बात कर उनकी तबीयत का रेकॉर्ड रखा जाएगा। 2. ट्रेकिग एंड मॉनिटरिग कोषांग :
ट्रेकिग एण्ड मॉनिटरिग कोषांग जिसका नोडल पदाधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक को बनाया गया है। इस कोषांग के द्वारा बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी तथा होम क्वारंटाइन में रह रहे ऐसे लोगों की सूची बनाकर दस व्यक्तियों पर पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
3.आइसोलेशन सेन्टर मॉनिटरिग सेल :
आइसोलेशन सेन्टर मॉनिटरिग सेल के नोडल पदाधिकारी अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को बनाया गया है। इस कोषांग के द्वारा जिला एवं प्रखंड स्तर पर आइसोलेशन सेंटर का निर्माण कराना तथा उपलब्ध सुविधाओं की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण किया जाएगा। 4. सैंपल कलेक्शन एंड टेस्ट सेल :
सैंपल कलेक्शन एंड टेस्ट सेल है, जो दैनिक रूप से लैबवार प्राप्त सैपल जांच में लगे सैंपल तथा पेंडिग सैंपल का अपडेटेड डाटा संधारित करेगा।
5.कन्फर्मड सेल :
कन्फर्मड सेल सारण जिले में मिले कोविड-19 पॉजीटिव महिला पुरूषों का पूरा डाटा रखेगा। इनका उपचार कहां हो रहा है आदि जानकारी रखेगा।
6. श्रमिक व प्रवासी सेल :
श्रमिक एवं प्रवासी सेल बिहार राज्य के श्रमिकों के अन्य राज्य में होने एवं उनके वापस लौटने पर उन्हें प्रत्येक संभव सहायता प्रदान कराने में सहयोग करेगा। यह कोषांग जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र से कार्यरत रहेगा जिसके लिए 06152-245023 पर संपर्क किया जा सकता है।