श्रावणी मेला में छपरा से श्रद्धालुओं की राह होगी आसान, गोरखपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन; देवघर-बासुकीनाथ जाने में सुविधा
रेलवे ने श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया ...और पढ़ें

बासुकीनाथ-पटना के बीच भी चलेगी मेला स्पेशल
HighLights
श्रावणी मेला के लिए पांच जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें।
छपरा से गोरखपुर, देवघर, बासुकीनाथ तक सीधी पहुंच।
सभी नई स्पेशल ट्रेनें अनारक्षित, 22 कोच के साथ।
जागरण संवाददाता, नया गांव(सारण)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पांच जोड़ी अतिरिक्त श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इनमें बासुकीनाथ से गोरखपुर जाने वाली श्रावणी मेला स्पेशल का ठहराव छपरा जंक्शन पर भी होगा।
18 और 25 अगस्त को बासुकीनाथ से खुलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 03565 बासुकीनाथ-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल 18 और 25 अगस्त को बासुकीनाथ से चलेगी।
देवघर, जसीडीह, झाझा, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना और पाटलिपुत्र होते हुए रात 11:25 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 19 और 26 अगस्त को चलेगी स्पेशल
गाड़ी संख्या 03566 गोरखपुर-जसीडीह श्रावणी मेला स्पेशल 19 और 26 अगस्त को गोरखपुर से चलेगी।
ट्रेन सुबह 9:35 बजे छपरा पहुंचेगी और पाटलिपुत्र, पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, मोकामा व किउल होते हुए शाम 6:45 बजे जसीडीह पहुंचेगी।
छपरा से श्रद्धालुओं को मिलेगा अतिरिक्त रेल विकल्प
इस ट्रेन के परिचालन से छपरा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को गोरखपुर के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम क्षेत्र से जुड़ने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे श्रावणी मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने में भी रेलवे को मदद मिलेगी।
बासुकीनाथ-पटना के बीच भी चलेगी मेला स्पेशल
रेलवे के अनुसार बासुकीनाथ-पटना के बीच 03563/03564 अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल 17 और 24 अगस्त तथा वापसी में 18 और 25 अगस्त को चलेगी।
वहीं बासुकीनाथ-गोरखपुर के बीच 03569/03570 स्पेशल 17, 24 तथा 18, 25 अगस्त को संचालित होगी। यह ट्रेन हाजीपुर और सिवान होकर गोरखपुर जाएगी।
आसनसोल और मधुपुर से भी अतिरिक्त ट्रेनें
आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल 03571/03572 स्पेशल 18, 25 तथा 19, 26 अगस्त को चलेगी। वहीं मधुपुर-नरकटियागंज-मधुपुर 03567/03568 स्पेशल 18 और 25 अगस्त को संचालित होगी।
यह ट्रेन जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया के रास्ते चलेगी।
गया-मधुपुर स्पेशल का भी बढ़ाया गया परिचालन
रेलवे ने गया-मधुपुर-गया 03654/03653 और गया-डीडीयू-गया 03655/03656 श्रावणी मेला स्पेशल के परिचालन की अवधि भी बढ़ा दी है। अब दोनों ट्रेनों का परिचालन 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा।
22 कोच के साथ अनारक्षित चलेंगी मेला स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार सभी नई मेला स्पेशल ट्रेनें यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनारक्षित रूप में चलाई जाएंगी। प्रत्येक ट्रेन में शयनयान/साधारण श्रेणी के 20 कोच और दो एसएलआर समेत कुल 22 कोच होंगे।
