सारण में अगले 3 घंटे रहें सावधान! 11 प्रखंडों में तेज हवा, वर्षा और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
सारण जिले में अगले 2-3 घंटों में मौसम बदलने वाला है, जहां मध्यम दर्जे के मेघ गर्जन, वज्रपात और 30-40 ...और पढ़ें

सारण के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट।
HighLights
सारण में अगले 2-3 घंटे में मौसम बदलेगा।
तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना है।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
जागरण संवाददाता, छपरा। जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने सारण समेत बिहार के छह जिलों के लिए तत्काल मौसम चेतावनी जारी की है।
विभाग के अनुसार अगले दो से तीन घंटे के दौरान सारण के कुछ हिस्सों में मध्यम दर्जे के मेघ गर्जन, वज्रपात और वर्षा के साथ तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है।
इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को लेकर आरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
11 प्रखंडों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सारण जिले के 20 में से 11 प्रखंड प्रभावित क्षेत्र की सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें अमनौर, गड़खा, छपरा, जलालपुर, दरियापुर, दिघवारा, नगरा, परसा, मढ़ौरा, रिविलगंज और सोनपुर शामिल हैं। इन इलाकों में अचानक तेज हवा के साथ वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
विभाग ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में खुले स्थानों पर नहीं रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा गया है।
सारण के अलावा भोजपुर, नालंदा, पटना, समस्तीपुर और वैशाली जिलों के चिह्नित क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में स्थानीय स्तर पर मौसम तेजी से बदल सकता है। प्रशासन और संबंधित विभागों को भी अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
