बिहार में शिक्षकों की छुट्टी के लिए नया नियम लागू, अब ऑनलाइन आवेदन नहीं होगा मान्य
सारण के सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षकों की ऑफलाइन छुट्टी स्वीकार नहीं होगी। सभी प्रकार के अवकाश के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सरकारी विद्यालयों में ऑफलाइन छुट्टी पर पूर्ण प्रतिबंध।
शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
सभी प्रकार के अवकाश की प्रक्रिया अब डिजिटल होगी।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षकों की ऑफलाइन छुट्टी स्वीकृत नहीं होगी। अवकाश लेना है तो ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ही आवेदन करना होगा।
आवेदन से लेकर अवकाश की स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन ही होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों को इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। विभाग की ओर से यह व्यवस्था 15 अगस्त से लागू की जा चुकी है।
ऑफलाइन आवेदन पर पूरी तरह रोक
जिला शिक्षा पदाधिकारी(डीईओ)की ओर से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि प्रारंभिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पदस्थापित प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक एवं शिक्षक अब किसी भी प्रकार के अवकाश के लिए ऑफलाइन आवेदन नहीं देंगे।
ऑफलाइन प्राप्त अवकाश आवेदन को स्वीकार या स्वीकृत नहीं किया जाएगा। शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से ही अवकाश के लिए आवेदन करना होगा।
हर तरह की छुट्टी ऑनलाइन
नई व्यवस्था के तहत अर्जितावकाश, मातृत्व अवकाश, चिकित्सावकाश, शिशु देखभाल अवकाश समेत सभी प्रकार के अवकाश के आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। इससे अवकाश से संबंधित आवेदन की प्रक्रिया पोर्टल पर दर्ज रहेगी और विभाग के स्तर से इसकी निगरानी भी की जा सकेगी।
मंजूरी का आदेश भी पोर्टल पर
अवकाश के लिए आवेदन करने के बाद उसकी स्वीकृति भी ऑनलाइन प्रक्रिया से ही होगी। अवकाश स्वीकृति आदेश को भी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। यानी शिक्षक की छुट्टी से संबंधित आवेदन और स्वीकृति दोनों का डिजिटल रिकार्ड पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा।
डीईओ ने कड़ाई से पालन को कहा
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों(डीईओ) को अपने अधीन आने वाले विद्यालयों में इस व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। विद्यालय प्रधानों को भी शिक्षकों को इसकी जानकारी देने और ऑफलाइन अवकाश आवेदन स्वीकार नहीं करने को कहा गया है।
विभागीय आदेश की प्रति सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। समग्र शिक्षा के एमआइएस प्रभारी को इसे विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- 'नाना' बोलकर रुकवाई बाइक और सीने में उतार दी गोली! भागलपुर में BJP नेता उमा भूषण के कत्ल में लाइनर की तलाश तेज
