जब खुद जाम में फंसे 'साहब' तो समझ आया जनता का दर्द, सारण SSP के औचक निरीक्षण में ट्रैफिक व्यवस्था की खुली पोल
सारण एसएसपी विनीत कुमार ने ट्रैफिक व्यवस्था परखने के लिए गुरुवार देर रात सादे कपड़ों में निजी वाहन से छपरा-डोरीगंज ...और पढ़ें

सारण SSP की औचक निरीक्षण
HighLights
एसएसपी विनीत कुमार ने सादे कपड़ों में किया औचक निरीक्षण।
छपरा-डोरीगंज मार्ग पर दो घंटे भीषण जाम में फंसे।
ट्रैफिक व्यवस्था की खामियां उजागर, अधिकारियों को दिए निर्देश।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले में ट्रैफिक व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को परखने के लिए गुरुवार की देर रात एसएसपी विनीत कुमार ने एक असामान्य लेकिन प्रभावी पहल की। बिना किसी पुलिस एस्कॉर्ट और सरकारी वाहन के, सादे कपड़ों में वे अपने निजी वाहन से छपरा से डोरीगंज की ओर एनएच-19 पर निकले।
इस दौरान वे जो हालात देखे, वे न सिर्फ चौंकाने वाले थे बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन की कमजोरियों को भी उजागर करने वाले साबित हुए।
छपरा से डोरीगंज के बीच एसएसपी करीब दो घंटे तक भीषण जाम में फंसे रहे। सड़क पर जगह-जगह रेंगते वाहन, रान्ग साइड से तेज रफ्तार में निकलते ट्रक, उड़ती धूल और जाम में फंसी एंबुलेंस की गूंजती सायरन ने स्थिति को और भयावह बना दिया।
एसएसपी ने मौके पर महसूस किया कि जिस छपरा–पटना मार्ग को एक से डेढ़ घंटे में तय करने का दावा किया जाता है, वहां ट्रैफिक व्यवस्था किस कदर चरमराई हुई है। आम यात्रियों की तरह जाम में फंसकर उन्होंने लोगों की परेशानी को बेहद करीब से देखा।
खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हलचल
एसएसपी के सड़क पर निकलने की सूचना जैसे ही पुलिस महकमे तक पहुंची, डोरीगंज सहित आसपास के थानों में हलचल मच गई। जाम हटाने और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए गए।
एसएसपी ने स्वयं मौके की स्थिति का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि अव्यवस्थित ट्रैफिक पर तुरंत नियंत्रण किया जाए।
अख्तियारपुर चौक पर ट्रकों का डायवर्जन
शुक्रवार की सुबह गड़खा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। बड़े वाहनों और ट्रकों की आवाजाही को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया, ताकि मुख्य मार्ग पर दबाव कम हो सके।
पहाड़पुर से डोरीगंज तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं जलालपुर और सिवान की ओर से आने वाले खाली ट्रकों की लाइन ने भी जाम की समस्या को गंभीर बना दिया।
सड़क पर उतरकर जाम की पीड़ा को महसूस किया
एसएसपी के इस कदम की सोशल मीडिया पर व्यापक सराहना हो रही है। लोग कह रहे हैं कि पहली बार किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आम नागरिक की तरह सड़क पर उतरकर जाम की पीड़ा को महसूस किया। शुक्रवार को ट्रैफिक डीएसपी संतोष पासवान ने भी बाईपास का निरीक्षण किया और जाम की भयावह स्थिति देखकर हैरानी जताई।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी कीमत पर ट्रैफिक जाम न लगे और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके बाद से पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है।
