विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मास्टर प्लान 2045 को मिली मंजूरी, 599 वर्ग किमी में होगा समग्र विकास; 416 गांव होंगे शामिल

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:38 PM (IST)

सोनपुर आयोजन क्षेत्र के मास्टर प्लान-2045 के ड्राफ्ट को सभी संबंधित हितधारकों की सहमति के बाद अनुमोदित कर दिया गया है।

सोनपुर ड्राफ्ट अनुमोदन बैठक की अध्यक्षता करते आयुक्त। सौ: पीआरडी

सोनपुर ड्राफ्ट अनुमोदन बैठक की अध्यक्षता करते आयुक्त। सौ: पीआरडी

जागरण संवाददाता, छपरा। सोनपुर आयोजन क्षेत्र के मास्टर प्लान-2045 के ड्राफ्ट को बुधवार को सभी संबंधित हितधारकों की सहमति के बाद अनुमोदित कर दिया गया।

समाहरणालय सभागार में सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में मास्टर प्लान का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। सांसद राजीव प्रताप रूडी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, सदर विधायक छोटी कुमारी और विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य हितधारक मौजूद रहे।

599 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में होगा सुनियोजित विकास

प्रस्तावित सोनपुर प्लानिंग एरिया का कुल क्षेत्रफल 599 वर्ग किलोमीटर निर्धारित किया गया है। इसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गरखा और परसा प्रखंडों के क्षेत्र शामिल होंगे।

योजना क्षेत्र में 36.71 वर्ग किलोमीटर शहरी और 562.29 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र रखा गया है। इसके अंतर्गत तीन शहरी केंद्र और 416 राजस्व गांव शामिल होंगे। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पूरे क्षेत्र की आबादी 8,72,676 है।

औद्योगिक गतिविधियों के साथ पर्यटन और रोजगार पर जोर

मास्टर प्लान के तहत सोनपुर क्षेत्र को आधुनिक और एकीकृत स्वरूप देने की योजना है। औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी विभिन्न प्रावधान किए गए हैं।

योजना में सड़क और जलमार्ग आधारित लॉजिस्टिक नेटवर्क विकसित करने, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत करने, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है।

हितधारकों से सुझाव लेकर आगे बढ़ेगा काम

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। समिति के उपाध्यक्ष सह डीएम वैभव श्रीवास्तव ने हितधारकों से ड्राफ्ट पर सुझाव और फीडबैक देने का अनुरोध किया।

इसके बाद आयुक्त ने सर्वसम्मति से ड्राफ्ट प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना सारण के साथ-साथ बिहार के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आवश्यक सुझावों को शामिल करने के लिए नगर आयुक्त को कंसल्टेंट टीम के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।