विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की कनपटी में गोली मारकर हत्या, ईंटों के ढेर में मिला खून से लथपथ शव

By amritesh kumarEdited By: Radha Krishna
Published: Fri, 30 Oct 2026 09:30 AM (IST)

सारण के मशरक में शिव चर्चा करने वाले पुजारी रवि प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका खून ...और पढ़ें

सारण में मृतक की रोती बिलखती मां

सारण में मृतक की रोती बिलखती मां

संवादसूत्र, मशरक (सारण)। सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रवि प्रकाश के रूप में हुई है। वह शिव चर्चा करते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे।

अपराधियों ने उनकी कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे छोड़ दिया। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

गोबर फेंकने निकली महिलाओं की नजर शव पर पड़ी

शुक्रवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं गोबर फेंकने के लिए निकली थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी।

पास जाकर देखने पर उसकी पहचान रवि प्रकाश के रूप में हुई। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

डीएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने की छानबीन

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

एफएसएल टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य

डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

पत्नी की मौत के बाद तीन बच्चों की अकेले उठा रहे थे जिम्मेदारी

रवि प्रकाश के परिवार की कहानी भी बेहद मार्मिक है। उनकी पत्नी का करीब चार वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद दो पुत्रों और एक पुत्री के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।

वह शिव चर्चा करने के साथ धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। उनकी हत्या से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

हत्या से गांव में शोक, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

रवि प्रकाश की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है। तीन बच्चों के सिर से माता के बाद पिता का साया भी उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने और आरोपितों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।