दिल्ली और बंगाल से लाई गई थीं नाबालिग लड़कियां, आर्केस्ट्रा में गंदे गानों पर कराते थे डांस; पुलिस की रेड से हड़कंप
सारण जिले के एकमा में पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा के अड्डे पर छापा मारकर छह नाबालिग लड़कियों को बचाया। ये लड़कियां नेपाल दिल्ली पश्चिम बंगाल और बिहार से हैं। उन्हें अश्लील गानों पर नाचने के लिए मजबूर किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और लड़कियों को बालिका गृह भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के एकमा के अलग-अलग आर्केस्ट्रा संचालकों के यहां छापामारी कर सारण पुलिस एवं रेस्क्यू टीम ने महिला थाने की पुलिस के सहयोग से बुधवार को छह नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के पत्र के आलोक में सारण पुलिस ने कार्रवाई की है। आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ दैनिक जागरण भी लगातार महिला सम्मान को आंच नाम से अभियान चला रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि महिला थाना एवं एकमा पुलिस ने एकमा थाना क्षेत्र के बाजार क्षेत्र में आर्केस्ट्रा अड्डे की घेराबंदी कर छापामारी की गई।
इस क्रम में जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में अश्लील गानों पर नृत्य करवाए जाने वाली छह नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। आर्केस्ट्रा से छुड़ाई गई लड़कियाें में नेपाल की एक, दिल्ली की एक, पश्चिम बंगाल की एक एवं बिहार की तीन लड़कियां हैं।
इस दौरान आर्केस्ट्रा संचालक फरार हो गये। आर्केस्ट्रा से बरामद लड़कियों का मेडिकल कराकर इन्हें बालिका गृह सिवान में रखा जाएगा। इसके बाद परिवार वालों से संपर्क कर उन्हें घर वापस भेजा जाएगा।
एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि सारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में मई 24 से लेकर अब तक अभियान चलाकर 194 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराकर 24 कांड दर्ज करते हुए 61 आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष आरोपित के गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।
इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी
उल्लेखनीय है कि सारण पुलिस द्वारा आवाज दो अभियान चला कर महिलाओं के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जनता से सूचना और सहयोग की अपील है।
यदि आप या आपके आसपास कोई महिला इस तरह की समस्याओं से जुझ रही है, तो आवाज दो हेल्पलाइन नं. - 9031600191 से अपनी उनकी बात हम तक पहुंचाये, पुलिस कार्रवाई करेगी।
इस छापामारी में महिला थानाध्यक्ष महाश्वेता वर्मा, एकमा थाना एवं अन्य पदाधिकारी के साथ एएचटीयू टीम, मिशन मुक्ति फाउन्डेशन, रेस्कयू फाउन्डेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण के सदस्य थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।