विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण के मढ़ौरा में पुराने व‍िवाद में मारपीट, वृद्ध की मौत; हत्‍या की एफआईआर

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:00 AM (IST)

सारण के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चनना गांव में आपसी विवाद के चलते लाठी-डंडों से मारपीट में एक वृद्ध गौतम ...और पढ़ें

घटनास्‍थल पर छानबीन करते पुलिस अधिकारी। जागरण

घटनास्‍थल पर छानबीन करते पुलिस अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. मढ़ौरा के चनना गांव में वृद्ध गौतम रावत की मौत।

  2. आपसी विवाद के बाद लाठी-डंडों से हुई मारपीट।

  3. मृतक की पत्नी ने एक व्यक्ति पर हत्या का केस दर्ज कराया।

संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। थाना क्षेत्र के चनना गांव में मंगलवार की रात आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मृतक गौतम रावत थे। सूचना मिलने पर मढ़ौरा थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

मंगलवार रात हुआ व‍िवाद 

पुलिस के अनुसार, गौतम रावत का पड़ोस के ही एक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार की रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिसमें गौतम रावत गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पत्नी देवान्ती देवी के बयान पर उसी गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना के कारणों की तफ्तीश कर रही पुलिस 

प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।