विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण बनेगा उत्तर बिहार का प्रवेशद्वार, 5,508 एकड़ में एयरो सिटी और नॉर्थ रिंग रोड से बदलेगी तस्‍वीर

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:52 PM (IST)

सारण को उत्तर बिहार का प्रवेशद्वार बनाने की दिशा में सड़क और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी की योजनाओं पर तेजी से काम ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्रालय के सचिव संग बैठक करते सांसद राजीव प्रताप रूडी। सौ-सांसद

केंद्रीय मंत्रालय के सचिव संग बैठक करते सांसद राजीव प्रताप रूडी। सौ-सांसद

HighLights

  1. सारण को उत्तर बिहार का प्रवेशद्वार बनाने की पहल।

  2. 5,508 एकड़ में एयरो सिटी और नॉर्थ रिंग रोड।

  3. सांसद रूडी ने 17 प्रमुख योजनाओं का प्रस्ताव रखा।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण को उत्तर बिहार के प्रवेशद्वार के रूप में विकसित करने की दिशा में सड़क और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं पर पहल तेज हुई है।

सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने बुधवार को नई दिल्ली के ट्रांसपोर्ट भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। 

इसमें क्षेत्र की 17 प्रमुख योजनाओं का प्रस्ताव रखा। करीब ढाई घंटे चली बैठक में सड़क नेटवर्क, एयरपोर्ट तक पहुंच और नियोजित शहरी विकास पर चर्चा हुई।

रिंग रोड, जेपी सेतु और एयरो सिटी के नियोजित विकास का खाका प्रस्तुत

बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे और बीएसआरडीसीएल के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ऑनलाइन शामिल हुए।

जेपी सेतु से नॉर्थ रिंग रोड तक कनेक्टिविटी पर जोर

प्रस्तावों में दीघा रोटरी, जेपी सेतु, बाकरपुर क्लोवरलीफ, एनएच-139डब्ल्यू पर अंडरपास व सर्विस रोड, एयरपोर्ट के लिए संपर्क मार्ग, रूडी जंक्शन और पटना नॉर्थ रिंग रोड शामिल हैं। शेरपुर-दिघवारा पुल तथा गंगा पथ के माध्यम से उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने पर भी विचार किया गया।

240 मीटर चौड़े कॉरिडोर और एयरो सिटी की योजना

प्रस्तुतीकरण में प्रस्तावित नॉर्थ रिंग रोड के लिए 240 मीटर चौड़े कॉरिडोर, दोनों ओर 45-45 मीटर सड़क और 25-25 मीटर ग्रीन बेल्ट की रूपरेखा रखी गई।

पांच किलोमीटर लंबे गौरव पथ के समीप 568.91 एकड़ के वाणिज्यिक क्षेत्र और 5,508.72 एकड़ के प्रस्तावित एयरो सिटी बफर क्षेत्र का भी उल्लेख किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य सारण में आवागमन, निवेश और नियोजित विकास को बढ़ावा देना है।