सारण में बिछेगा सड़कों का जाल, भू-अर्जन की डीएम ने की समीक्षा; मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
सारण में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की गहन समीक्षा की। ...और पढ़ें

सारण में बिछेगा सड़कों का जाल, भू-अर्जन की डीएम ने की समीक्षा; मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, छपरा। जिले में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए किए जा रहे भू-अर्जन की प्रक्रिया की जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार की रात को गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मुआवजा भुगतान में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भू-अर्जन की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
समीक्षा के क्रम में जेपी सेतु के समानांतर प्रस्तावित छह लेन गंगा पुल परियोजना पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने एलाइनमेंट में सुधार के बाद सभी पंचाटियों को नोटिस जारी कर भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सोनपुर को इस प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
एनएच-139 डब्ल्यू भारतमाला परियोजना (बाकरपुर–मानिकपुर) के तहत चार मौजों में कुछ रैयतों का मुआवजा भुगतान लंबित है। जिलाधिकारी ने संबंधित रैयतों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, शेरपुर–दिघवारा रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत शेष रैयतों से अभिश्रव प्राप्त कर मुआवजा भुगतान के लिए सभी मौजों में विशेष शिविर लगाने को कहा गया।
रामजानकी पथ परियोजना में भी आठ मौजों में विशेष शिविर आयोजित कर शेष पंचाटियों को भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान परियोजना निदेशक, एनएचएआई को कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
खैरा–बिनटोलिया पथ के अंतर्गत भू-अर्जित प्लाट की जमाबंदी अद्यतन कराने का निर्देश भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सदर को दिया गया। एकमा–मशरक पथ में स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा एकमा–डुमाईगढ़ पथ में जमाबंदी अद्यतन कराने के भी निर्देश दिए गए। रिविलगंज–बिसुनपुरा बाइपास सड़क के लिए सदर एवं रिविलगंज अंचल के 18 मौजों में चल रहे भूमि अधिग्रहण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सभी जमाबंदी अपडेट कराने का आदेश दोनों अंचलाधिकारियों को दिया गया।
इसके अलावा दिघवारा–भेल्दी–अमनौर–तरैया 54 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए वन एवं विद्युत विभाग से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि भू-अर्जन कार्यालय में नौ अतिरिक्त अमीनों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पूर्व से कार्यरत छह अमीनों को मिलाकर अब कुल 15 अमीन कार्यरत हैं। सभी अमीनों को अलग-अलग परियोजनाओं से जोड़ा गया है ताकि मापी कार्य में तेजी आए और भू-अर्जन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, परियोजना निदेशक (मोर्थ), परियोजना निदेशक (एनएचएआई), कार्यपालक अभियंता एनएच डिवीजन, पथ प्रमंडल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी भी जुड़े रहे।
