विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराई कार, ससुराल से लौट रहे 25 साल के फार्मासिस्ट की मौत

By Amritesh KumarEdited By: Rajat Mourya
Published: Thu, 17 Sep 2026 08:49 PM (IST)

सारण के अवतारनगर थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 25 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित कुमार की ...और पढ़ें

डिवाइडर से टकराई कार, फार्मासिस्ट अंकिम कुमार की मौत

डिवाइडर से टकराई कार, फार्मासिस्ट अंकिम कुमार की मौत

HighLights

  1. सारण में अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई।

  2. 25 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित कुमार की मौत।

  3. नवंबर में हुई थी मृतक अंकित की शादी।

संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। सारण के अवतारनगर थाना क्षेत्र के झौंवा गांव के समीप गुरुवार की अहले सुबह अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में नयागांव थाना क्षेत्र के महमूदचक निवासी करीब 25 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित कुमार की मौत हो गई।

वह डोरीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर स्थित ससुराल से कार से दिघवारा स्थित अपने क्लीनिक लौट रहे थे। मृतक अनिल राय का पुत्र था।

तेज टक्कर में कार हुई क्षतिग्रस्त:

मिली जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार का क्लीनिक दिघवारा में है। गुरुवार की सुबह वह ससुराल से क्लीनिक के लिए निकले थे। झौंवा गांव के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और अंकित उसमें फंस गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे अंकित को बाहर निकाला और इलाज के लिए दिघवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नवंबर में हुई थी युवक की शादी:

घटना की सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंचे और शव को घर ले गए। अंकित की शादी पिछले वर्ष नवंबर में नीलू कुमारी के साथ हुई थी। पति की मौत की सूचना मिलने पर नीलू कुमारी समेत स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद महमूदचक गांव में शोक का माहौल है।