शहर के मौना चौक से लेकर साहेबगंज चौक तक बना था डिवाइडर टूटा
जागरण संवाददाता, छपरा :शहर के प्रमुख चौक मौना चौक से साहेबगंज चौक तक 60 लाख रुपये की लागत से बनवाया गया डिवाइडर तोड़ दिया गया।
जागरण संवाददाता, छपरा :शहर के प्रमुख चौक मौना चौक से साहेबगंज चौक तक 60 लाख रुपये की लागत से बने डिवाइडर को नगर निगम प्रशासन ने रविवार की आधी रात को तोड़वा दिया। डिवाइडर तोड़ने के बाद उसका मलबा भी रात में ही उठा लिया गया था। सोमवार की सुबह मार्निंग वार्क पर निकलने वाले लोगो में डिवाइडर टूटने की खूब चर्चा हुई।
आवागमन में परेशानी के कारण तोड़ा गया
पिछले महीने पुरानी गुड़हट्टी के पास आग लगने से डिवाइडर के कारण फायर बिग्रेड की गाड़ी को भी जाने पर में काफी परेशानी हुई थी। जिसके कारण आग ने भीषण रूप ले लिया था। इतना नहीं इस सड़क पर डिवाइडर के कारण अक्सर सड़क जाम की समस्या हो रही थी। डिवाइडर की चौड़ाई तीन फीट से ज्यादा बना देने के कारण यही जाम का बड़ा कारण बन गया। वन वे होने के कारण मौना चौक से साहेबगंज की ओर जाने वाले लोग डिवाइडर के कारण नगरपालिका चौक होते हुए थाना चौक फिर साहेबगंज चौक जाने के लिए मजबूर थे। इस सड़क पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी। डिवाइडर पर सब्जी मंडी सज रही थी। नतीजा इस सड़क से बाइक एवं रिक्शा से भी जाना मुश्किल हो गया था। शहर के इस व्यस्त चौक से तिनकोनिया होते हुए साहेबगंज तक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए बने डिवाइडर की जाम का प्रमुख कारण बना तो नगर निगम प्रशासन ने आम लोगों के हित में डिवाइडर तोड़ने का निर्णय लिया। बोर्ड की बैठक में डिवाइडर तोड़ने का निर्णय होने के बाद इस प्रस्ताव को नगर विकास विभाग, पटना को भेजा गया था। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद इसे तोड़ा गया। ऐसा डिवाइडर ही क्यों बनाया कि तोड़ना पड़ा
शहरवासी निगम प्रशासन की कार्य पद्धति पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि एक तो बिना किसी प्लानिंग के डिवाइडर बना दिया गया। करीब 60 लाख रुपये की लागत उस पर आई, और अब उसे जनता को हो रही परेशानी के नाम पर तोड़ दिया गया।
वर्जन
डिवाइडर के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। फुटपाथी दुकानदारों ने सड़क व डिवाइडर का अतिक्रमण भी कर लिया था। इस कारण उस मार्ग से एंबुलेंस व फायर ब्रिग्रेड की गाड़ी को आने जाने में समस्या हो रही थी। इन सभी समस्याओं को देखते हुए सभी तरह की प्रक्रिया पूरी करने के बाद डिवाइडर को तोड़वा दिया गया हैं।
अजय कुमार सिन्हा
नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम