AK-47 और गोलियों के मामले में NIA का एक्शन, सारण से नगर पंचायत चेयरमैन के बेटे को दबोचा
एनआईए ने सारण के परसा बाजार नगर पंचायत चेयरमैन के बेटे और वार्ड पार्षद करमुल्लाह अंसारी को एके-47 और जिंदा ...और पढ़ें
-1787639340108_m.webp)
सारण में नगर पंचायत चेयरमैन का बेटा गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एनआईए ने सारण से करमुल्लाह अंसारी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी एके-47 और जिंदा कारतूस बरामदगी मामले में।
करमुल्लाह पर नागालैंड से हथियार तस्करी का आरोप।
जागरण संवाददाता, छपरा। एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामदगी से जुड़े मामले में NIA ने सारण के परसा बाजार नगर पंचायत की चेयरमैन ऐशा खातुन के पुत्र और वार्ड पार्षद मो करमुल्लाह अंसारी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एनआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। एनआईए ने बिहार एसटीएफ के सहयोग से चेतन परसा स्थित उसके आवासीय परिसर से उसे गिरफ्तार किया।
एनआईए के अनुसार, यह कार्रवाई मामला संख्या आरसी-11/2024/एनआईए/डीएलआई के तहत की गई है। मामला मुजफ्फरपुर के फकुली थाना क्षेत्र में एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामदगी से जुड़ा है।
18 दिसंबर 2024 को भी हुई थी छापेमारी, फरार होने में रहा था सफल
जांच एजेंसी का आरोप है कि करमुल्लाह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नगालैंड से बिहार में प्रतिबंधित बोर के अत्याधुनिक हथियारों की तस्करी की साजिश रची थी।
बताया जाता है कि करमुल्लाह को गिरफ्तार करने के लिए इससे पहले भी एनआईए ने 18 दिसंबर 2024 को चेतन परसा में छापेमारी की थी।
हालांकि, उस समय वह टीम के पहुंचने से पहले ही फरार होने में सफल रहा था। इसके बाद से वह जांच एजेंसी की गिरफ्त से बाहर था।
लंबे समय से फरार चल रहे करमुल्लाह को आखिरकार दूसरे प्रयास में एनआईए ने बिहार एसटीएफ के सहयोग से पकड़ लिया।
मुरघटिया पुल से बरामद हुई थी एके-47
मामले की शुरुआत सात मई 2024 को मुजफ्फरपुर के फकुली थाना में दर्ज प्राथमिकी से हुई थी। मुरघटिया पुल के पास लेंस लगी एक एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एनआईए को सौंपी गई थी। जांच के दौरान एनआईए ने अलग-अलग चरणों में आरोप पत्र दाखिल किए।
आठ मई 2025 को विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी के खिलाफ पहला पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया।
इसके बाद 20 फरवरी 2026 को मंजूर खान तथा 15 अप्रैल 2026 को कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया।
दोनों पर आपराधिक साजिश, शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
इसी मामले में एनआईए ने 19 अगस्त को मुजफ्फरपुर से भैरव त्रिपाठी को भी गिरफ्तार किया था। करमुल्लाह की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की जांच जारी है।
