छपरा स्टेशन पर कार्टन में नवजात का शव मिलने से सनसनी, कौन छोड़ गया? CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सारण के छपरा जंक्शन पर पार्सल कार्यालय के समीप एक कार्टन में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें

छपरा जंक्शन पर नवजात का शव मिलने पर जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
छपरा जंक्शन पर पार्सल कार्यालय के पास मिला नवजात का शव।
रेल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शव रखने वाले की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के छपरा जंक्शन पर रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पार्सल कार्यालय के समीप एक कार्टन में पैक नवजात का शव मिला।
यात्रियों और रेलकर्मियों की नजर कार्टन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।
जीआरपी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार, आरपीएफ के विशाल कुमार और सीआइबी के बृज सुंदर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
रेल पुलिस ने कार्टन को कब्जे में लेकर उसे खोला तो उसमें नवजात का शव मिला। इसके बाद शव को बाहर निकालकर मामले की जांच शुरू की गई। आखिर किसने शव को यहां फेंका, नवजात की मौत कैसे हुई, जैसे बिंदु खंगाले जा रहे हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का शव कार्टन में किसने रखा और उसे स्टेशन परिसर में कब लाया गया।
CCTV से खुलेगा राज
मामले की तह तक पहुंचने के लिए रेल पुलिस स्टेशन परिसर और पार्सल कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से कार्टन को वहां रखने वाले व्यक्ति की पहचान करने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों, रेलकर्मियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
साथ ही यह जानकारी जुटाई जा रही है कि कार्टन स्टेशन पर किस रास्ते से पहुंचा और उसे वहां तक कौन लेकर आया था।
नवजात की पहचान नहीं
फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को कार्टन में पैक कर स्टेशन के पास छोड़ने के पीछे क्या वजह थी।
घटना की जानकारी फैलते ही स्टेशन परिसर में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। रेल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
