छपरा-टेकनिवास रेलखंड पर मौर्य एक्सप्रेस में बड़ा खतरा टला, AC कोच से अचानक उठने लगा धुआं; 45 मिनट रुकी ट्रेन
छपरा-टेकनिवास रेलखंड पर मौर्य एक्सप्रेस के एसी-टू कोच से धुआं उठने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन बड़ा हादसा ...और पढ़ें

छपरा के टेकनवास स्टेशन ट्रेन के एसी कोच से निकले धुंआ को देखते रेलकर्मी व यात्री। जागरण
HighLights
मौर्य एक्सप्रेस के एसी कोच से धुआं उठने से हड़कंप।
ब्रेक बाइंडिंग जाम होने से घर्षण बढ़ा, बड़ा हादसा टला।
तकनीकी टीम ने 45 मिनट में खराबी दूर की, ट्रेन रवाना।
जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा-टेकनिवास रेलखंड पर रविवार को उस समय यात्रियों में अफरातफरी मच गई, जब गोरखपुर से संबलपुर जा रही (ट्रेन संख्या-15028 )मौर्य एक्सप्रेस के एसी-टू कोच से अचानक धुआं उठने लगा।
धुआं देखकर यात्रियों में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। उन्हें बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। हालांकि बाद में पता चला कि ब्रेक बाइंडिंग के डिस्क पैड जाम होने से घर्षण बढ़ गया था।
चालक और गार्ड ने तत्काल ट्रेन रोककर स्थिति को संभाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस वजह से करीब 45 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। यात्री परेशान रहे।
ब्रेक पैड जाम होने से उठने लगा धुआं
मौर्य एक्सप्रेस करीब 11:10 बजे टेकनिवास स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान एसी-टू कोच के ब्रेक बाइंडिंग में तकनीकी खराबी आ गई। डिस्क पैड जाम होने के कारण घर्षण बढ़ा और कोच से धुआं निकलने लगा।
छपरा से पहुंची तकनीकी टीम
चालक और गार्ड ने तत्काल ट्रेन को टेकनिवास स्टेशन पर रोक दिया। घटना की सूचना रेलवे के संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद छपरा से तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ब्रेक बाइंडिंग व डिस्क पैड की जांच की।
टीम ने खराबी दूर करने के बाद ब्रेक सिस्टम की आवश्यक जांच की। तकनीकी जांच और मरम्मत के कारण ट्रेन करीब 45 मिनट तक टेकनिवास स्टेशन पर खड़ी रही।
स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया और 11:50 बजे मौर्य एक्सप्रेस छपरा जंक्शन पहुंची। रेलवे की तकनीकी टीम घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतरीं, बाल-बाल बची यात्रियों की जान
यह भी पढ़ें- बक्सर जाना था, सासाराम रूट पर कैसे पहुंची महानंदा एक्सप्रेस? सामने आया आरा हादसे का कारण
