विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Saran News: मकेर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या? पुलिस कर रही जांच

Published: Wed, 29 Apr 2026 04:41 PM (IST)

मकेर के खलपुरा गाछी में 28 वर्षीय ब्रव कुमार केसरी का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी ...और पढ़ें

मकेर के खलपुरा गाछी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

मकेर के खलपुरा गाछी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, मकेर (सारण)। थाना क्षेत्र के खलपुरा गाछी में बुधवार को एक 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाघाकोल पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी शिव कुमार राम के पुत्र ब्रव कुमार केसरी के रूप में हुई है।

वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अविवाहित था। उसकी एक बहन सरिता की शादी पहले ही हो चुकी है। घटना के बाद घर में मातम पसरा है और शव देखते ही उसकी मां देवंती देवी बेहोश हो गईं, जबकि पिता बाहर प्रदेश में मजदूरी करते हैं।

स्वजनों के अनुसार, ब्रव कुमार एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह घर लौटा और बैग रखकर मां से शौच जाने की बात कहकर डिब्बा लेकर निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई।

रात करीब 10 बजे खलपुरा गांव स्थित एक बागीचे में लीची के पेड़ से उसका शव लटका मिला। यह दृश्य देखते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। शव को पेड़ से उतारकर घर लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया। स्वजन इस घटना को हत्या बताते हुए आरोप लगा रहे हैं कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है।

मृतक के चाचा भूषण कुमार केसरी ने बताया कि परिवार का अपने पट्टीदारों से भूमि विवाद चल रहा है। वे लोग उसका घर नही बनाने दे रहे हैं। इसी को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट की घटनाएं होती थीं। वहीं, कुछ लोग इस घटना को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के मोबाइल काल डिटेल की जांच की जा रही है और स्वान दस्ता को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मामला चाहे जो भी हो, पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।