सारण के दिघवारा में माही नदी का बांध टूटने से दहशत, आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा
सारण के दिघवारा में माही नदी का बांध टूटने से त्रिलोकचक और बारहगांवा क्षेत्रों में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई ...और पढ़ें
HighLights
दिघवारा में माही नदी का बांध अचानक टूट गया।
त्रिलोकचक और बारहगांवा क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ा।
जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत के निर्देश दिए।
संवाद सूत्र, दिघवारा (सारण)। प्रखंड क्षेत्र में माही नदी का बांध टूटने से स्थिति गंभीर हो गई है। त्रिलोकचक पंचायत के केसरपुर गांव के समीप नदी का बांध टूट जाने के बाद पानी तेजी से आसपास के इलाकों की ओर फैलने लगा है।
अचानक बांध टूटने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नदी का पानी जिस तेजी से फैल रहा है, उससे बड़े इलाके के जलमग्न होने की आशंका जताई जा रही है। बांध टूटने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
बांध टूटने का सबसे अधिक असर त्रिलोकचक पंचायत के अलावा बारहगांवा क्षेत्र के कई गांवों पर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार यदि पानी के बहाव पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया गया, तो खेत-खलिहान के साथ आबादी वाले क्षेत्रों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है। इससे लोगों के सामने आवागमन, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और जरूरी सामान बचाने की चुनौती उत्पन्न हो सकती है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं और अपने स्तर से पानी के बहाव को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन को भी स्थिति की जानकारी दी गई है।
प्रशासन की टीम ने संभाला मोर्चा
जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने विभाग के इंजीनियर को तत्काल ही इसे ठीक करने का निर्देश दिया है। ग्रामीणों ने तत्काल बांध की मरम्मत और पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
बांध टूटने के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीण लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ा तो त्रिलोकचक पंचायत सहित बारहगांवा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
