विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी जा रहे JPU के गार्ड को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

Published: Sun, 27 Sep 2026 09:18 AM (IST)

छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार जयप्रकाश विश्वविद्यालय के गार्ड रामजीत प्रसाद को ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे स्वजन। जागरण

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे स्वजन। जागरण

HighLights

  1. छपरा में ट्रक ने साइकिल सवार JPU गार्ड को रौंदा।

  2. नेवाजी टोला चौक के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।

  3. मृतक रामजीत प्रसाद के परिवार में पसरा मातम।

जागरण संवाददाता, छपरा। शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेवाजी टोला चौक के समीप शनिवार की रात ट्रक ने साइकिल सवार गार्ड को रौंद दिया।

हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बड़ा तकिया गांव निवासी दुर्गा प्रसाद के पुत्र रामजीत प्रसाद के रूप में हुई है। वह जयप्रकाश विश्वविद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।

चार साल से विश्वविद्यालय में कर रहे थे नौकरी

स्वजन के अनुसार, रामजीत प्रसाद पिछले करीब चार वर्षों से जयप्रकाश विश्वविद्यालय में गार्ड के रूप में कार्यरत थे। वह प्रतिदिन अपने गांव से साइकिल से विश्वविद्यालय ड्यूटी करने आते-जाते थे।

शनिवार की रात भी वह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान नेवाजी टोला चौक के समीप तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंभीर रूप से घायल रामजीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रामजीत प्रसाद की मौत की खबर मिलते ही स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे। वहां स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं।

परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।