विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीविका दीदियों की अधूरी पढ़ाई होगी पूरी, BBOSE के जरिए 10वीं-12वीं करेंगी पास; छपरा में शुरू हुई खास पहल

By Amritesh KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 17 Sep 2026 03:16 PM (IST)

छपरा में जीविका दीदियों को बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) के माध्यम से 10वीं और 12वीं की अधूरी पढ़ाई पूरी करने का अवसर मिल रहा है।

छपरा में शुरू हुई खास पहल

छपरा में शुरू हुई खास पहल

HighLights

  1. जीविका दीदियों को 10वीं-12वीं की पढ़ाई पूरी करने का अवसर।

  2. BBOSE, जीविका, एजुकेट गर्ल्स और प्रथम की साझा पहल।

  3. शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

जागरण संवाददाता, छपरा। जिस उम्र में कई महिलाएं अपने बच्चों की पढ़ाई का रास्ता तय करती हैं, उसी उम्र में अब वे अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी कर नई मंजिल की ओर कदम बढ़ाएंगी। पढ़ाई बीच में छूट जाने को जीवन की आखिरी बाधा न बनने देने के लिए बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई), जीविका, एजुकेट गर्ल्स और प्रथम ने साझा पहल शुरू की है। इसके तहत जीविका दीदियों को 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए जागरूक और प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अधूरी पढ़ाई को मिलेगा दूसरा अवसर

बीबीओएसई ऐसी शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराता है, जिसमें नियमित विद्यालय नहीं जा पाने वाले शिक्षार्थियों को 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने का अवसर मिलता है। बोर्ड से प्राप्त प्रमाणपत्र मान्य होने के कारण परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आगे की शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसरों का रास्ता खुल सकता है। इसी संभावना को जीविका दीदियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

गांव तक पहुंचेगी पढ़ाई की नई राह

पहल के तहत जीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बीबीओएसई में नामांकन और परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया समझाई जा रही है। खासतौर पर उन महिलाओं पर ध्यान है, जिनकी 10वीं या 12वीं की पढ़ाई किसी कारण से अधूरी रह गई। स्थानीय स्तर पर जीविका की टीम उन्हें जानकारी देने के साथ नामांकन के लिए प्रेरित कर रही है।

लाइब्रेरी बनेगी मार्गदर्शन का केंद्र

बीबीओएसई के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी मानस मिलिंद ने गोगल सिंह इंटर स्तरीय विद्यालय, नयागांव, सोनपुर में जीविका द्वारा संचालित लाइब्रेरी का अवलोकन किया। वहां उपलब्ध पुस्तकें, कंप्यूटर, इंटरनेट और अखबार जैसी सुविधाओं को देखा गया। उन्होंने इसे जीविका दीदियों के मार्गदर्शन के लिए फैसिलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावना पर चर्चा की।

दीदियों से संवाद, शिक्षा पर जोर

इसके बाद सिद्धि जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति, गोपालपुर, सोनपुर का अवलोकन किया गया। मानस मिलिंद ने जीविका दीदियों से संवाद कर बीबीओएसई में नामांकन, परीक्षा की प्रक्रिया और 10वीं-12वीं उत्तीर्ण करने से मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। दीदियों ने भी शिक्षा से जुड़े अपने अनुभव और विचार साझा किए।

अध्ययन केंद्रों को मजबूत करने पर मंथन

जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत कुमार और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा मीनू कुमारी से भी विचार-विमर्श किया गया। जिले में संचालित बीबीओएसई अध्ययन केंद्रों को मजबूत करने और नए केंद्र खोलने से जुड़े सुझाव रखे गए। अधिकारियों ने अध्ययन केंद्रों को सुदृढ़ करने तथा अधिकाधिक नामांकन के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में एजुकेट गर्ल्स से नीरज, प्रकाश सिंह और रितु देवी, प्रथम से प्रमोद शाह, सिद्धि जीविका से जितेंद्र कुमार तथा बीपीएम जीविका स्वाति की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने महिलाओं को अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रेरित किया। यह पहल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ शिक्षा, कौशल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देगी।

यह भी पढ़ें- Sonpur Mela 2026: 32 दिनों तक चलेगा विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, 2 जोन और 10 सब जोन में बटेगी सफाई