दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीजा बनाने वाले एजेंट को किया गिरफ्तार
नगर थाना क्षेत्र के डाक बंगला रोड स्थित एलआइसी कार्यालय के पास से दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीजा तथा पासपोर्ट बनाने वाले एक जालसाज को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
जासं, छपरा : नगर थाना क्षेत्र के डाक बंगला रोड स्थित एलआइसी कार्यालय के पास से दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीजा तथा पासपोर्ट बनाने वाले एक जालसाज को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार जालसाज सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के गांव पकड़ी गांव निवासी हेमराज सहनी का पुत्र उमेश सहनी है। उसके खिलाफ 6 जनवरी को दिल्ली के एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने बताया कि उमेश सहनी विदेश भेजने के नाम पर लोगों को फर्जी वीजा देकर ठगी का धंधा करता था। उसे पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी। इस क्रम में मोबाइल सर्विलांस के आधार पर नगर थाना की पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। दिल्ली पुलिस ने उसे ले जाने के लिए न्यायालय में ट्रांजिट वारंट का आवेदन दिया है।