जिले में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या 203 हुई
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दोहरे शतक को पार कर चुकी है। शनिवार को चार संक्रमित मिलने के साथ ही कुल संख्या 203 हो गई है।
- सारण में पाए गए चार नए कोरोना पॉजिटिव मरीज
जासं, छपरा: जिले में कोरोना संक्रमित चार नए पॉजिटिव मरीज शनिवार को पाए गए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल संख्या दो सौ को पार कर गई। जिले में कुल संक्रमित 203 हो गए। हालांकि इनमें से 179 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या 13 हो गई है। पॉजिटिव अन्य मरीजों का इलाज पटना तथा अन्य स्थानों पर चल रहा है।
गौरतलब है कि सोनपुर अनुमंडल मुख्यालय में स्थित रेल मंडल कार्यालय के दो कर्मी भी पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद गुरुवार को डीआरएम कार्यालय को सील कर दिया गया था। दूसरा रेलकर्मी शनिवार को पॉजिटिव पाया गया। उसे एनएमसीएच पटना में भर्ती कराया गया है। ये रेलकर्मी पहले से यक्ष्मा के मरीज हैं।
इसके अलावा छपरा शहर के श्यामचक मोहल्ले के 45 वर्षीय एक व्यक्ति और गुदरी बाजार की 25 वर्षीय महिला तथा पानापुर प्रखंड के रसौली गांव के 54 वर्षीय अधेड़ को पॉजिटिव पाया गया है। आज तक कुल 8330 लोगों का सैंपल कलेक्शन कर जांच के लिए भेजा गया है, जिसमें से अब तक 1807 की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। ट्रू नेट से जांच में अब तक 54 व्यक्तियों को पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि पटना से उनकी कन्फर्मेशन रिपोर्ट नहीं आई है।