विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा में बिना ड्राइवर चल पड़ी नगर निगम की कचरा गाड़ी, बुजुर्ग की कुचलकर मौत; घर का दरवाजा भी तोड़ा

Published: Sat, 12 Sep 2026 09:52 AM (GMT+05:30)

छपरा के श्यामचक मोड़ पर नगर निगम की बेकाबू कचरा गाड़ी ने एक बुजुर्ग जगदीश राय को कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

घटना के व‍िरोध में सड़क जाम करते लोग। जागरण

घटना के व‍िरोध में सड़क जाम करते लोग। जागरण

HighLights

  1. नगर निगम की बेकाबू कचरा गाड़ी ने बुजुर्ग को कुचला।

  2. श्यामचक मोड़ पर 60 वर्षीय जगदीश राय की मौत।

  3. आक्रोशित लोगों ने शव रखकर सड़क जाम किया।

जागरण संवाददाता, छपरा। शहर के श्यामचक मोड़ पर शनिवार की सुबह अचानक बेकाबू हुई नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी ने एक बुजुर्ग की जान ले ली।

गाड़ी की चपेट में आने से भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मासूमगंज निवासी 60 वर्षीय जगदीश राय की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर बांस-बल्ला लगाकर मार्ग जाम कर दिया। इससे श्यामचक मोड़ पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।

दूध पहुंचाने निकले थे जगदीश राय

बताया जाता है कि जगदीश राय शनिवार की सुबह दूध पहुंचाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान श्यामचक मोड़ के पास नगर निगम की गाड़ी अचानक चल पड़ी और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। 

बिना चालक कैसे चल पड़ी निगम की गाड़ी

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय कचरा उठाने वाली गाड़ी में चालक मौजूद नहीं था। बताया गया कि किसी दूसरे कर्मी ने गाड़ी में चाबी लगाकर उसे आगे बढ़ा दिया।

इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगी और जगदीश राय को धक्का मार दिया। इससे घटनास्‍थल पर ही उन्‍होंने दम तोड़ द‍िया। 

chhapra 2

(बुजुर्ग की मौत के विलाप करते स्‍वजन।)

घर के दरवाजे से जा टकराई गाड़ी

बुजुर्ग को धक्का मारने के बाद भी गाड़ी नहीं रुकी। अनियंत्रित गाड़ी आगे बढ़ते हुए चुनमुन पंडित के घर के मुख्य दरवाजे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का मुख्य दरवाजा टूट गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सड़क जाम कर जताया आक्रोश

हादसे की जानकारी मिलते ही भगवान बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। आक्रोशित लोग निगम की कार्यप्रणाली और गाड़ी के संचालन को लेकर सवाल उठाते रहे।

सड़क पर शव रखकर जाम किए जाने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया।