सुबह चौड़ी, दोपहर में सिकुड़ जाती हैं सारण के एकमा बाजार की सड़कें, अतिक्रमण से पैदल चलना भी मुश्किल
सारण के एकमा बाजार में अतिक्रमण के कारण सड़कें सुबह चौड़ी दिखती हैं, पर दोपहर तक सिकुड़ जाती हैं, जिससे ...और पढ़ें

सड़क बनी दुकानों का एक्सटेंशन
HighLights
एकमा बाजार में अतिक्रमण से सड़कें दिन में सिकुड़ जाती हैं।
दुकानदारों और ठेलों से आवागमन में भारी परेशानी होती है।
प्रशासन अब अतिक्रमण हटाने और जुर्माना लगाने की तैयारी में है।
संवादसूत्र, एकमा (सारण)। एकमा नगर पंचायत के एकमा बाजार में सड़कें दिन चढ़ने के साथ अपना आकार बदलती नजर आती हैं। सुबह बाजार खुलने के शुरुआती समय में सड़कें अपेक्षाकृत चौड़ी और आवागमन सामान्य रहता है। जैसे-जैसे दुकानें खुलती हैं, सामान सड़क किनारे तक फैलने लगता है।
करीब 11 बजे के बाद कई जगह सड़क का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आ जाता है। स्थिति ऐसी हो जाती है कि वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी होने लगती है।
सड़क बनी दुकानों का एक्सटेंशन, राहगीरों के हिस्से में बची संकरी जगह
बाजार की दोनों तरफ कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क किनारे तक सजा देते हैं। कपड़े, फल-सब्जी समेत कई तरह की दुकानें सड़क की ओर फैलती जाती हैं।
इससे वाहनों के लिए उपलब्ध जगह लगातार कम होती जाती है। राहगीरों को भी वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और दोपहर के बाजार में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है।
शाम होते ही ठेले-फुटपाथी दुकानें, सड़क पर बढ़ जाता है दबाव
शाम के समय बाजार में अतिक्रमण की समस्या और गंभीर हो जाती है। दुकानदारों के अलावा सब्जी और फल विक्रेता सड़क किनारे ठेले लगा लेते हैं। कई जगह ठेले सड़क पर ही खड़े दिखाई देते हैं।
इससे बाइक सवारों के लिए रास्ता बेहद संकरा हो जाता है। दो वाहन आमने-सामने आ जाएं तो निकलने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है।
चार पहिया वाहन घुसते ही जाम, हादसे का भी खतरा
सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण के कारण चार पहिया वाहनों के बाजार से गुजरते ही जाम की स्थिति बनने लगती है। बाइक चालकों को साइड लेने में परेशानी होती है और कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
भीड़भाड़ के बीच सड़क संकरी होने से राहगीरों और वाहन चालकों के बीच टकराव की स्थिति भी बनती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हालात में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या, अब पैमाइश के बाद होगी कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने के कारण धीरे-धीरे दुकानों का सामान सड़क तक फैलता चला गया।
अंचलाधिकारी रवि शेखर ने बताया कि नगर कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह भी मौके पर मौजूद रहेंगे। प्रशासन अब बाजार की स्थिति को लेकर कार्रवाई की तैयारी में है।
नोटिस के बाद भी नहीं हटे सामान तो लगेगा जुर्माना
नगर कार्यपालक पदाधिकारी रमण राज ने बताया कि जल्द ही बाजार की सड़कों की पैमाइश कराई जाएगी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दुकानदारों से सड़क से अपना सामान हटा लेने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण नहीं हटाने वालों को नोटिस दिया जाएगा।
इसके बाद संबंधित लोगों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। प्रशासन की कार्रवाई से अब बाजार की सड़कें दोबारा खुली नजर आने की उम्मीद है।
