विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना से दिल्ली सिर्फ 5 घंटे में, बिहार को मिलेगी बुलेट ट्रेन की सौगात; रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का एलान

Published: Fri, 19 Jun 2026 05:19 PM (IST)

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छपरा में बिहार में बुलेट ट्रेन और रेलवे के व्यापक विकास की घोषणा की, जिसमें बजट वृद्धि और नई ट्रेनें शामिल हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के उद्घाटन के अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार में रेलवे के व्यापक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नई ट्रेन सेवा की घोषणा निर्धारित समय से पहले पूरी की गई है और हाल ही में पुणे-पटना रेल सेवा भी शुरू की गई है। बिहार में बुलेट ट्रेन का भी सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले बिहार को रेलवे विकास के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि वर्तमान में यह राशि बढ़कर 10 हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष हो गई है।

इसी का परिणाम है कि राज्य में रेलवे की आधारभूत संरचना तेजी से विकसित हो रही है। विभिन्न रेलखंडों पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाई जा रही है।

रेल मंत्री ने कहा कि बिहार में वर्तमान में 11 अमृत भारत एक्सप्रेस और 14 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल रहा है।

पटना से दिल्ली पहुंचने में लगेंगे 5 घंटे

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार को बुलेट ट्रेन परियोजना से भी जोड़ा जाएगा। बुलेट ट्रेन चलने से पांच घंटे से कम समय में पटना से दिल्ली की यात्री होगी।

BULET TRAIN

छपरा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलते बिहार सीएम सम्राट चौधरी।

रेल मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिहार में बड़े पैमाने पर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं। बिहार से अगले पांच से आठ वर्षों के भीतर 200 नई ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। रेल मंत्री ने कहा कि मढ़ौरा रेल इंजन कारखाने में निर्मित लोकोमोटिव अब विदेशों को भी निर्यात किए जा रहे हैं।

रात 8 बजे तक चलेंगे स्कूल

समारोह को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि राज्य के विद्यालयों को शाम तक सक्रिय बनाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पढ़ाई समाप्त होने के बाद भी छात्रों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि अब विद्यालयों को रात आठ बजे तक संचालित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ तकनीक आधारित विकास पर भी विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 11 नए टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं।

उनमे से छपरा में दो बड़े टाउनशिप की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे, सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। बिहार में कई रेल मार्गों के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य जारी है।

इस मौके पर सांसद राजीव प्रताप रुडी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, विनय कुमार सिंह, जनक सिंह, एमएलसी सच्चिदानंद राय, वीरेंद्र नारायण यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- छपरा से दिल्ली एक्सप्रेस को रेल मंत्री ने द‍िखाई हरी झंडी; सम्राट चौधरी का बड़ा एलान: रात 8 बजे तक खुलेंगे स्कूल