सारण समाहरणालय में 105 परिचारी पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ; मिलेगी 18,000 से 56,900 तक सैलरी
सारण समाहरणालय में 105 परिचारी पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। जिला प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी ...और पढ़ें

सारण समाहरणालय
HighLights
सारण समाहरणालय में 105 परिचारी पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ।
जिला प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया के दस्तावेज सामान्य प्रशासन विभाग को भेजे।
मैट्रिक पास अभ्यर्थी 18,000 से 56,900 रुपये वेतनमान पाएंगे।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण समाहरणालय संवर्ग में कार्यालय परिचारी एवं परिचारी (विशिष्ट) के 105 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। जिला प्रशासन ने भर्ती से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आदर्श आरक्षण रोस्टर, अधियाचना प्रारूप, चेकलिस्ट सहित आवश्यक दस्तावेज सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार को भेज दिए हैं।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की स्वीकृति के बाद यह प्रक्रिया पूरी की गई है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) के माध्यम से नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
68 पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए
जिला प्रशासन की ओर से तैयार आरक्षण रोस्टर के अनुसार कुल 105 पदों में 68 पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए हैं, जबकि 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के तहत 37 पद महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। अनारक्षित श्रेणी में 63 पद हैं। इनमें 41 पद पुरुष और 22 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए हैं।
अनुसूचित जाति के 17 पदों में 11 पुरुष और छह महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 13 पदों में आठ पुरुष और पांच महिला अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 11 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 11 पद रखे गए हैं। इनमें सात पुरुष और चार महिला अभ्यर्थियों के लिए हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए एक पद निर्धारित है, जो पुरुष अभ्यर्थी के लिए है। पिछड़ा वर्ग एवं पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए फिलहाल कोई पद नहीं है।
प्रशासन के अनुसार रोस्टर में इस श्रेणी का निर्धारित कोटा पहले ही पूरा हो चुका है। विशेष क्षैतिज आरक्षण के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी पांच पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें दृष्टिबाधित, मूक-बधिर, अस्थि दिव्यांग और बहुदिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग पद शामिल हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित पोता-पोती अथवा नाती-नतिनी के लिए भी दो पद आरक्षित किए गए हैं।
8,000 से 56,900 रुपये तक वेतनमान
भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु सीमा सामान्य प्रशासन विभाग के प्रचलित नियमों के अनुसार होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-1 के तहत 18,000 से 56,900 रुपये तक वेतनमान मिलेगा। विभागीय स्वीकृति के बाद बीएसएससी की ओर से लिखित परीक्षा और आवेदन से संबंधित विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा।
