विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण के रामघाट पर बना भव्य अटल घाट, CM सम्राट करेंगे लोकार्पण; अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का होगा अनावरण

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:57 AM (IST)

मांझी के रामघाट पर निर्मित भव्य अटल घाट का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 12 नवंबर को करेंगे, जिससे छठ व्रतियों ...और पढ़ें

अटल घाट का न‍िरीक्षण करने पहुंचे सांसद जनार्दन स‍िंह सिग्रीवाल।

अटल घाट का न‍िरीक्षण करने पहुंचे सांसद जनार्दन स‍िंह सिग्रीवाल।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 12 नवंबर को करेंगे अटल घाट का लोकार्पण।

  2. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण होगा।

  3. छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा और व्यवस्थित पूजा-अर्चना का स्थान।

संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। महापर्व छठ से पहले मांझीवासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सरयू नदी के रामघाट पर निर्मित भव्य अटल घाट का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 12 नवंबर को करेंगे।

इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। घाट के लोकार्पण से छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। 

सांसद ने लिया तैयारियों का जायजा

शनिवार की शाम रामघाट पहुंचे महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने लोकार्पण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय के मैदान में उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

समारोह में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी. आर. पाटिल और बिहार के नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा भी शामिल होंगे।सांसद ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैरिकेडिंग और लोगों के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित संवेदक को निर्माण कार्य और समारोह की तैयारियों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित तिथि तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेगा वैकल्पिक पहुंच पथ

लोकार्पण समारोह में संभावित भीड़ और छठ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रामघाट के साथ जयप्रभा सेतु के समीप से वैकल्पिक पहुंच पथ बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है।

इससे लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में सहूलियत होगी। वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई।

अटल घाट का लोकार्पण मांझी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। छठ महापर्व के अवसर पर सरयू नदी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में घाट पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से व्रतियों और स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान धर्मेंद्र सिंह समाज, प्रो. शिवाजी सिंह, उमा सिंह, मनोज प्रसाद, त्रिलोकी नाथ सिंह, संजय सिंह, रंजन शर्मा, नागेंद्र ठाकुर और अंकित सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।