विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

... तो सरकार देगी चार गुना मुआवजा; CM सम्राट चौधरी का बड़ा भरोसा, बोले- नोएडा की तर्ज पर विकसित होगा सोनपुर

Published: Tue, 19 May 2026 11:11 AM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण के डुमरी बुजुर्ग में सहयोग शिविर का उद्घाटन करते हुए सोनपुर को नोएडा की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की।

सोनपुर में सहयोग श‍िव‍िर का शुभारंभ करते सीएम सम्राट चौधरी। वीडियो ग्रैब

सोनपुर में सहयोग श‍िव‍िर का शुभारंभ करते सीएम सम्राट चौधरी। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. सोनपुर को नोएडा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

  2. जमीन अधिग्रहण पर मिलेगा चार गुना मुआवजा, सीएम का वादा।

  3. गंगा-अंबिका पथ बनेगा, स्वास्थ्य-शिक्षा में सुधार होगा।

डिजिटल डेस्क, सारण। मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को डुमरी बुजुर्ग में आयोजित सहयोग शिविर का शुभारंभ किया। 

इस अवसर पर सोनपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ के नाम पर अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जो पूरे इलाके की तस्वीर बदल देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउनशिप निर्माण को लेकर कुछ लोगों ने चिंता जताई है कि जमीन अधिग्रहण होने पर बेटियों की शादी और पारिवारिक जरूरतें कैसे पूरी होंगी।

सोनपुर को म‍िलेगी विश्‍वस्‍तरीय पहचान 

इस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन परिवारों को बेटी की शादी या किसी आपदा के कारण आर्थिक जरूरत होगी, वे जिलाधिकारी को आवेदन दें। सरकार ऐसे लोगों के खाते में जमीन का चार गुना मुआवजा पहुंचाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं, बल्कि सोनपुर-दिघवारा क्षेत्र को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की है।

यहां बड़े स्तर पर कॉमर्शियल जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा हों।

Samrat 2

पांच पुलों को जोड़कर बनेगा गंगा-अंब‍िका पथ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिग्घवारा, नया और पुराना सोनपुर पुल, जेपी सेतु, महात्मा गांधी सेतु और आगामी कच्ची दरगाह-राघोपुर पुल को जोड़ते हुए सोनपुर में गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र को नोएडा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले उद्योग बिहार आने से कतराते थे, लेकिन अब बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार के बाद निवेश का माहौल बना है।

सरकार का लक्ष्य है कि जो लोग रोजगार के लिए बाहर जाते हैं, उन्हें बिहार में ही रोजगार और फैक्ट्री से जुड़ी सुविधाएं मिलें।

20 हजार करोड़ का कारोबार कर रहीं मह‍िलाएं

महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और करीब 20 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर रही हैं।

शिक्षा क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 211 डिग्री कॉलेज बनाए जा रहे हैं और जुलाई तक हर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

साथ ही सरस्वती विद्या निकेतन की तर्ज पर मॉडल स्कूल विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे स्कूल बनाए जाएं, जहां नेता और अधिकारियों के बच्चे भी पढ़ना चाहें।

रेफर करने की प्रवृत्‍त‍ि पर लगाएं लगाम 

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने का काम किया, अब सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस कर रही है।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मामूली बीमारी में मरीजों को रेफर करने की प्रवृत्ति खत्म करनी होगी।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे अनुमंडल और जिला अस्पतालों में ही अधिकांश मरीजों का इलाज संभव हो सके। अनावश्यक रेफर करने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- सहयोग शिविर के शुभारंभ पर CM की बड़ी घोषणाएं: छपरा में बनेगा मरीन ड्राइव जैसा गंगा-अंबिका पथ