चक्रवाती तूफान से थमी ट्रेनों की रफ्तार, छपरा जंक्शन पर 17 घंटे तक लेट पहुंचीं गाड़ियां
चक्रवाती तूफान और तेज हवाओं के कारण छपरा जंक्शन पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे कई ट्रेनें 17 घंटे तक विलंब से चलीं।
-1790513584944_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
चक्रवाती तूफान और तेज हवाओं से छपरा में ट्रेनें प्रभावित हुईं।
कुसम्मी के पास पेड़ गिरने से रेल परिचालन बाधित हुआ।
कई ट्रेनें 17 घंटे तक विलंब से चलीं, यात्री परेशान।
जागरण संवाददाता, छपरा। चक्रवाती तूफान और तेज हवा का असर अब छपरा जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी दिखने लगा है। छपरा-गोरखपुर रेलखंड पर कुसम्मी के पास पेड़ गिरने से परिचालन प्रभावित हुआ।
इसका असर अप और डाउन दोनों दिशाओं की ट्रेनों पर पड़ा। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 16 से 17 घंटे तक विलंब से छपरा जंक्शन पहुंचीं।
शनिवार को आने वाली कई ट्रेनें रविवार की सुबह पहुंचीं। इससे प्लेटफार्म पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उनकी आगे की यात्रा की योजना भी बिगड़ गई।
काठगोदाम एक्सप्रेस 17 घंटे लेट
डाउन दिशा की काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस करीब 17 घंटे विलंब से छपरा पहुंची। डाउन ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस आठ घंटे और डाउन सहरसा गरीब रथ करीब नौ घंटे विलंब से पहुंची। डाउन जनसेवा एक्सप्रेस करीब छह घंटे तथा लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस करीब नौ घंटे देर से जंक्शन पहुंची।
अप दिशा की ट्रेनें भी प्रभावित
अप दिशा में पूर्वांचल एक्सप्रेस करीब आठ घंटे विलंब से छपरा पहुंची। मौर्य एक्सप्रेस चार घंटे और बाघ एक्सप्रेस करीब तीन घंटे देर से पहुंची।
इसके अलावा अप और डाउन दिशा की आधा दर्जन से अधिक अन्य ट्रेनें भी घंटों विलंब से चलीं। रेलखंड पर परिचालन प्रभावित होने के कारण ट्रेनों का समय लगातार बिगड़ता रहा।
प्लेटफार्म पर बढ़ती रही यात्रियों की भीड़
ट्रेनों के लगातार विलंब होने से छपरा जंक्शन के प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ बनी रही। जिन यात्रियों को निर्धारित समय पर ट्रेन पकड़कर आगे की यात्रा करनी थी, उन्हें घंटों प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा।
शनिवार की शाम पहुंचने वाली ट्रेनें रविवार की सुबह पहुंचने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। परिवार और बुजुर्ग यात्रियों को लंबे इंतजार में विशेष परेशानी हुई।
उद्घोषणा से दी जाती रही सूचना
रेल प्रशासन की ओर से उद्घोषणा यंत्र के माध्यम से विलंबित ट्रेनों की जानकारी यात्रियों को लगातार दी जाती रही। ट्रेनों के संभावित आगमन समय की सूचना भी दी गई।
हालांकि, लंबी देरी के कारण यात्रियों को काफी समय प्लेटफार्म पर बिताना पड़ा। यात्रियों का कहना था कि अचानक ट्रेनों के समय में बदलाव से उनकी आगे की यात्रा, कनेक्टिंग ट्रेन और अन्य जरूरी योजनाएं प्रभावित हुईं।
यह ट्रेन चली विलंब
डाउन साइड
- डाउन जनसेवा एक्सप्रेस -06 घंटा
- डाउन ग्वालियर बरौनी-08 घंटा
- डाउन काठगोदाम एक्सप्रेस -17 घंटा (शनिवार को आने वाली )
- डाउन 12204 सहरसा गरीब रथ -09 घंटे
- डाउन 15204- लखनऊ बरौनी- 09 घंटे
अप साइड
- पूर्वांचल एक्सप्रेस 08 घंटे
- मौर्य एक्सप्रेस 04 घंटे
- बाघ एक्सप्रेस 03 घंटे
यह भी पढ़ें- बिहार में झमाझम बारिश के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया बिजली गिरने का अलर्ट
