विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा में 124 ASI को मिला प्रमोशन, SSP रौशन कुमार ने दी बधाई 

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:44 PM (IST)

छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में 124 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर पदोन्नत किया गया, जिससे उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गईं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. छपरा में 124 सहायक अवर निरीक्षकों को दारोगा के पद पर पदोन्नति मिली।

  2. पदोन्नति के साथ जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी बढ़ी।

  3. एसएसपी ने ईमानदारी और निष्ठा से कर्तव्य निर्वहन का संदेश दिया।

जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में 124 पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर दारोगा की नई रैंक सजी तो उनके साथ जिम्मेदारियों का दायरा भी बढ़ गया।

सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआइ) के पद पर प्रोन्नत हुए इन पुलिसकर्मियों के लिए पिपिंग समारोह नई पहचान के साथ जनसेवा का संकल्प दोहराने का अवसर बना।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की उपस्थिति में आयोजित समारोह में सभी प्रोन्नत पदाधिकारियों को नई रैंक के प्रतीक चिह्न धारण कराए गए। इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पदोन्नति सम्मान के साथ जनता के प्रति जवाबदेही भी बढ़ाती है।

नई रैंक के साथ बढ़ी जिम्मेदारी

समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी नवप्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि अधिक जिम्मेदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का दायित्व भी है।

सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करें। पुलिस अधिकारी के रूप में उनके कार्य और व्यवहार दूसरों के लिए उदाहरण बनें, इसका प्रयास होना चाहिए।

वर्दी जनता के विश्वास का प्रतीक

एसएसपी ने कहा कि पुलिस की वर्दी जनता की सुरक्षा और विश्वास के लिए पहनी जाती है। यह निष्पक्ष भाव से काम करने और हर परिस्थिति में कानून के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और नियमानुसार कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। निष्पक्ष पुलिसिंग से ही जनता का भरोसा मजबूत होगा।

कानून-व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

प्रोन्नति के बाद सारण जिले में पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की संख्या बढ़ी है। इससे पुलिसिंग के कार्यों के संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एसएसपी ने नवप्रोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, अनुशासन और जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया।

शिकायत का मौका नहीं देने का भरोसा

समारोह में शामिल नवप्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों ने भी अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यों से किसी को शिकायत का अवसर नहीं देंगे और जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से काम करेंगे।

कार्यक्रम में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित थे। समारोह के बाद पुलिस कार्यालय परिसर में सभी नवप्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों ने सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

यह भी पढ़ें- बिहार में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा, आपात स्थिति के लिए जारी हुआ टोल-फ्री नंबर जारी; NDRF-SDRF की टीमें तैनात