विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब 24 घंटे चलेगा छपरा डबल डेकर का काम, तीन शिफ्ट में निर्माण; अतिक्रमण और ट्रैफिक पर भी एक्शन

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:27 PM (IST)

छपरा में डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को अब 24 घंटे तीन शिफ्ट में चलाने का निर्देश दिया गया ...और पढ़ें

हर दिन देनी होगी निर्माण की रिपोर्ट

हर दिन देनी होगी निर्माण की रिपोर्ट

HighLights

  1. डबल डेकर निर्माण अब 24 घंटे तीन शिफ्ट में चलेगा।

  2. श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

  3. जलजमाव की समस्या दूर करने और अतिक्रमण हटाने पर जोर।

जागरण संवाददाता, छपरा(सारण)। डबल डेकर निर्माण में अब काम की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को 24 घंटे तीन शिफ्ट में काम कराने का निर्देश दिया है। बुधवार को डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने रामलीला मठिया, पुराने बस स्टैंड से भिखारी ठाकुर चौक तक निर्माण कार्य का जायजा लिया।

श्रमिक और मशीनें बढ़ाकर तेज होगा काम

निरीक्षण के दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के परियोजना निदेशक को श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सड़क, ड्रेनेज, गोलंबर, क्लिपिंग, बाइंडिंग और कंक्रीट से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा। मोना चौक से मेवालाल चौक तक भी रात-दिन काम कराने का निर्देश दिया गया।

जलजमाव की समस्या पर भी तत्काल एक्शन

निर्माण स्थल पर जलजमाव को देखते हुए तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और जरूरत के अनुसार जलनिकासी की व्यवस्था करने को कहा गया।

प्रभावित हिस्सों में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कच्चे कटाव की मरम्मत तथा डंपिंग के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

हर दिन देनी होगी निर्माण की रिपोर्ट

सदर एसडीओ नितेश कुमार को अभियंताओं की टीम से लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कराने और प्रतिदिन रिपोर्ट देने को कहा गया। एयरपोर्ट से मिट्टी हटाने का काम एक महीने में पूरा कराने का भी निर्देश दिया गया।

50 दुकानों के अतिक्रमण पर कार्रवाई

भिखारी ठाकुर चौक के पास नील कोठी की करीब 50 दुकानों के अतिक्रमण को लेकर सदर अंचलाधिकारी को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए वैकल्पिक यातायात योजना तैयार करने और उसका प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया।

पुलिस लाइन का जलजमाव भी जांचा

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन परिसर में जलजमाव की स्थिति भी देखी गई। डीएम ने नगर आयुक्त को पंप लगाकर तत्काल पानी निकालने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के तहत छोटी योजनाओं को प्राथमिकता से स्वीकृति के लिए भेजने को भी कहा गया।