विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा की भूमिहीन महिलाओं के लिए खुशखबरी, DM का अफसरों को सख्त निर्देश- सर्वे करो और जमीन का पर्चा दो

Published: Tue, 18 Aug 2026 03:23 PM (IST)

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने छपरा में भूमिहीन महिलाओं का सर्वे कर पात्र लाभुकों को नियमानुसार पर्चा उपलब्ध कराने का निर्देश ...और पढ़ें

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव

HighLights

  1. भूमिहीन महिलाओं को नियमानुसार भूमि पर्चा उपलब्ध कराने का निर्देश।

  2. जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर में सुनीं जनसमस्याएं, समाधान के निर्देश।

  3. जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु तत्काल कार्रवाई के निर्देश।

जागरण संवाददाता, छपरा। भूमिहीन महिलाओं का सर्वे कर पात्र पाए जाने वाले लाभुकों को नियमानुसार पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद पात्र लोगों को सरकारी प्रावधानों के तहत भूमि का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने यह निर्देश रिविलगंज नगर पंचायत क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, सेंगर टोला परिसर में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान दिया।

शिविर में पहुंचे लोगों से जिलाधिकारी ने सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न मामलों को लेकर प्राप्त आवेदनों की स्थिति की भी संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने का निर्देश

सेंगर टोला सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों ने नाला निर्माण और जलजमाव की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। लोगों ने बताया कि जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान परेशानी बढ़ जाती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल स्थल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जलजमाव की समस्या के स्थायी और प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही नाला निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को बार-बार जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

हर आवेदन पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याएं स्थानीय स्तर पर सुनी जा रही हैं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को आवेदनों के निष्पादन की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।