विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा के कॉलेज में परीक्षा के दौरान हादसा टला, भरभराकर गिरा छत का प्लास्टर; दो छात्राएं घायल

Published: Wed, 09 Sep 2026 01:00 PM (IST)

छपरा के जयप्रकाश महिला महाविद्यालय में स्नातक परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्राएं घायल हो गईं। ...और पढ़ें

HighLights

  1. जयप्रकाश महिला महाविद्यालय में छत का प्लास्टर गिरा।

  2. स्नातक परीक्षा दे रही दो छात्राएं जख्मी हुईं।

  3. भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठे सवाल।

जागरण संवाददाता, छपरा। शहर के जयप्रकाश महिला महाविद्यालय(JPM) में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्नातक की आंतरिक परीक्षा के दौरान मनोविज्ञान विभाग के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

कमरे में परीक्षा दे रही दो छात्राएं इसकी चपेट में आकर जख्मी हो गईं। घटना के बाद परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों में डर का माहौल बन गया। महाविद्यालय प्रशासन ने दोनों घायल छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल भेजा।

परीक्षा के दौरान अचानक गिरने लगा प्लास्टर

जानकारी के अनुसार, स्नातक सीबीसीएस सिस्टम के पांचवें सेमेस्टर की इंटरनल परीक्षा चल रही थी। प्रथम तल पर स्थित मनोविज्ञान विभाग के एक कमरे में छात्राएं परीक्षा दे रही थीं।

इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिरने लगा। कुछ ही क्षणों में कमरे में अफरा-तफरी मच गई और छात्राएं इधर-उधर भागने लगीं।

दो छात्राओं को लगी चोट, अस्पताल भेजा

प्लास्टर गिरने की घटना में परीक्षा दे रहीं परिधि सिंह और शिल्पी कुमारी जख्मी हो गईं। परिधि सिंह के सिर में चोट लगी, जबकि शिल्पी कुमारी के हाथ में चोट आई है।

घटना के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्राओं को तत्काल पास के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

महाविद्यालय सूत्रों के अनुसार, जिस भवन में घटना हुई, वह करीब पांच दशक पुराना है। बताया गया कि लगभग दो वर्ष पहले रूसा की राशि से भवन के रंग-रोगन और मरम्मत का काम कराया गया था। इसके बावजूद छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने भवन की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद छात्राओं में बढ़ी चिंता

घटना के बाद महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं में भवन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परीक्षा के दौरान प्लास्टर गिरने से किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता था।

छात्राओं ने पुराने भवन के कमरों की छत और अन्य हिस्सों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।महाविद्यालय प्रशासन की ओर से भवन की स्थिति का जायजा लेने की बात कही गई है।