विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा बाईपास 6 लेन बनेगा राहत का रास्ता; मार्च तक ओवरब्रिज से खत्म होगा जाम, डीएम ने द‍िया अल्टीमेटम

Published: Wed, 11 Feb 2026 05:54 PM (IST)

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने छपरा बाईपास सिक्स लेन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई निदेशक राजू कुमार के साथ निर्माण ...और पढ़ें

स्‍थल न‍िरीक्षण करते जिलाधि‍कारी वैभव श्रीवास्‍तव। जागरण

स्‍थल न‍िरीक्षण करते जिलाधि‍कारी वैभव श्रीवास्‍तव। जागरण

HighLights

  1. जिलाधिकारी ने छपरा बाईपास सिक्स लेन परियोजना का निरीक्षण किया।

  2. मार्च अंत तक ओवरब्रिज और 15 दिन में सर्विस रोड पूरा करें।

  3. यातायात दबाव कम करने हेतु परियोजना महत्वपूर्ण, गुणवत्ता पर जोर।

जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा बाईपास सिक्स लेन परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक राजू कुमार के साथ विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

छपरा बाइपास सिक्स लेन कार्य की समीक्षा

जिलाधिकारी ने रिविलगंज स्थित टेकनिवास, सदर प्रखंड के उमधा चौक तथा खैरा बिनटोलिया पथ के समीप बन रहे वाहन अंडरपास (VUP) का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उमधा चौक एवं मेथवलिया चौक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मार्च माह के अंत तक दोनों ओवरब्रिज का कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

15 दिन में सर्विस रोड निर्माण का निर्देश

खैरा बिनटोलिया पथ के समीप बन रहे सर्विस रोड के निर्माण में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर सर्विस रोड का कार्य पूरा कर आम लोगों के लिए सुचारू रूप से चालू किया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर आवश्यक संकेतक, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गौरतलब है कि छपरा बाईपास सिक्स लेन परियोजना के पूर्ण होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और रिविलगंज सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात व्यवस्था सुगम होगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि तय समय सीमा में कार्य पूरा होने से जाम की समस्या से राहत मिलेगी।