विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा-सोनपुर का बढ़ेगा दायरा: सारण को मिलेंगी 8 नई नगर पंचायतें, 4 का होगा नगर परिषद में प्रमोशन

By Rajeev RanjanEdited By: Rajat Mourya
Published: Thu, 17 Sep 2026 09:47 PM (IST)

सारण में नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण और क्षेत्र विस्तार से संबंधित 15 प्रस्तावों पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में चर्चा हुई।

सारण को मिलेंगी 8 नई नगर पंचायतें, 4 का होगा नगर परिषद में प्रमोशन (AI Generated Image)

सारण को मिलेंगी 8 नई नगर पंचायतें, 4 का होगा नगर परिषद में प्रमोशन (AI Generated Image)

HighLights

  1. सारण में 15 नगर निकाय प्रस्तावों पर हुई चर्चा।

  2. छपरा, सोनपुर के विस्तार, नई पंचायतों के गठन का प्रस्ताव।

  3. कई नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने पर विचार।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण में नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण और क्षेत्र विस्तार को लेकर गुरुवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक में 15 प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

प्रभारी मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में सोनपुर के प्लस टू सेमिनरी हाईस्कूल के सभाकक्ष में हुई बैठक में छपरा नगर निगम और सोनपुर नगर परिषद के क्षेत्र विस्तार के साथ आठ नई नगर पंचायतों के गठन, अमनौर में नगर परिषद तथा चार नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव शामिल रहे।

दो दिन पहले दैनिक जागरण ने प्रकाशित की थी विस्तृत खबर

नगर निकायों से जुड़े इन प्रस्तावों को लेकर दैनिक जागरण ने दो दिन पहले ही विस्तृत खबर प्रकाशित की थी। खबर में प्रस्तावित नगर निकायों के गठन, क्षेत्र विस्तार और उत्क्रमण से संबंधित संभावित खाके की जानकारी दी गई थी।

गुरुवार की बैठक में लगभग वही प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे जाने से जागरण में प्रकाशित खबर में सामने आई जानकारी की पुष्टि हुई। हालांकि, प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए अभी विभागीय प्रक्रिया पूरी की जानी है।

WhatsApp Image 2026-09-17 at 9.16.50 PM

बैठक के प्रारंभ में जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण एवं क्षेत्र विस्तार से संबंधित पूर्व में विभाग को भेजे गए प्रस्तावों के साथ दो नए प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे। इस दौरान प्रस्तावित नगर निकायों के क्षेत्रफल, जनसंख्या, भौगोलिक स्वरूप और नजरी नक्शे सहित अन्य जानकारी सदस्यों को उपलब्ध कराई गई।

जनसंख्या के साथ भौगोलिक स्वरूप भी बनेगा आधार

पदाधिकारी ने बताया कि नगर निकायों के गठन और उत्क्रमण के लिए निर्धारित मानकों के साथ क्षेत्र की जनसंख्या, भौगोलिक स्वरूप तथा स्थानीय लोगों की मुख्य आजीविका और व्यवसाय को भी ध्यान में रखा जाता है।

सामान्यतः नगर पंचायत के लिए 12 हजार से 40 हजार, नगर परिषद के लिए 40 हजार से दो लाख तथा नगर निगम के लिए दो लाख से अधिक जनसंख्या का मानक निर्धारित है।

प्रस्ताव के अनुसार छपरा नगर निगम और सोनपुर नगर परिषद का क्षेत्र विस्तार किया जाना है। दरियापुर (बेला), तरैया, बनियापुर, इसुआपुर, नगरा, पानापुर, गरखा और मकेर में नगर पंचायत के गठन का प्रस्ताव है।

वहीं, अमनौर में नगर परिषद गठन का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा रिविलगंज, मढ़ौरा, परसा और दिघवारा नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने पर चर्चा हुई।

बैठक के पूर्व डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया।

बैठक में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सह सोनपुर विधायक विनय सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह, विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह एवं वीरेंद्र नारायण यादव समेत समिति के अन्य सदस्य और जिला एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रस्तावित नगर निकायों की सूची

क्रम नगर निकाय प्रस्ताव
1 नगर निगम छपरा क्षेत्र विस्तार
2 नगर परिषद सोनपुर क्षेत्र विस्तार
3 नगर पंचायत दरियापुर (बेला) गठन
4 नगर पंचायत तरैया गठन
5 नगर पंचायत बनियापुर गठन
6 नगर पंचायत इसुआपुर गठन
7 नगर पंचायत नगरा गठन
8 नगर पंचायत पानापुर गठन
9 नगर पंचायत गरखा गठन
10 नगर परिषद अमनौर गठन
11 नगर पंचायत रिविलगंज नगर परिषद में उत्क्रमण
12 नगर पंचायत मढ़ौरा नगर परिषद में उत्क्रमण
13 नगर पंचायत मकेर गठन
14 नगर पंचायत परसा नगर परिषद में उत्क्रमण
15 नगर पंचायत दिघवारा नगर परिषद में उत्क्रमण

यह भी पढ़ें- सासाराम नगर निगम क्षेत्र का बढ़ेगा दायरा, शामिल होंगे शिवसागर प्रखंड के 4 गांव