छपरा एयरपोर्ट को चालू करने की दिशा में बड़ा कदम, अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक मार्ग की तैयारी तेज
छपरा हवाई अड्डे को फिर से चालू करने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के ...और पढ़ें

छपरा एयरपोर्ट को चालू करने की दिशा में बड़ा कदम (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, छपरा। वर्षों से बंद पड़े छपरा हवाई अड्डा को पुनः चालू करने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार एवं डीसीएलआर राहुल कुमार द्वारा हवाई अड्डा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हवाई अड्डा की सीमा, संपर्क पथ एवं आसपास के मोहल्लों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पाया कि कुछ मोहल्लेवासी हवाई अड्डा परिसर की ओर से बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग आवागमन के लिए कर रहे हैं। इसके साथ ही हवाई अड्डा की भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को भी चिह्नित किया गया। अधिकारियों ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
सदर एसडीएम नितेश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हवाई अड्डा की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा। जो भी अतिक्रमण चिह्नित किया गया है, उसे नियमानुसार हटाया जाएगा।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन मोहल्लों के लोग वर्तमान में इस मार्ग से गुजरते हैं, उनके लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों के साथ-साथ जनहित का पूरा ध्यान रखना है।
उल्लेखनीय है कि छपरा हवाई अड्डा को चालू करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पहल की गई है। छोटे विमानों के परिचालन को ध्यान में रखते हुए वर्षों से वीरान पड़े इस हवाई अड्डा को पुनर्जीवित करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में प्रशासनिक स्तर पर लगातार निरीक्षण, समीक्षा और आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
हवाई अड्डा के संचालन की संभावना से जिलेवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि हवाई सेवा शुरू होने से छपरा और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी, आवागमन सुगम होगा और व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी। प्रशासन की सक्रियता से यह उम्मीद और मजबूत हुई है कि शीघ्र ही छपरा हवाई अड्डा फिर से उड़ानों का गवाह बनेगा।
