छपराः भूमि को लेकर चल रहे विवाद में देवर के सिर सवार हुआ खून, भाभी की पीट-पीटकर ले ली जान Saran News
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार को भूमि विवाद में देवर ही भाभी का दुश्मन बन गया। उसने तैश में आ पीट-पीटकर भाभी की जान ले ली।
छपरा, जेएनएन। शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर मंगलवार को देवर ने पीट-पीटकर भाभी की हत्या कर दी। मामला लाल बाजार का है। मृतका की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के लाल बाजार निवासी अशोक नट की 40 वर्षीय पत्नी मुनचुन देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति अशोक नट के द्वारा अपने भाई विनोद नट सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपितों की खोजबीन करने में जुट गई है।
भाई-भाई में चल रहा था विवाद
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अशोक नट का अपने भाई विनोद नट के साथ बांट बखरे को लेकर काफी दिनों सेस विवाद चल रहा था। इसको लेकर आए दिन दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था।
बीच-बचाओ करना पड़ा महंगा
बताया जाता है कि बांट-बखरे को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच मारपीट होने लगी। बीच-बचाओ करने अशोक नट की पत्नी मुनचुन आ गई। इस पर विनोद ने उसे पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में मुनचुन गंभीर रूप से घायल हो गई।
गंभीर रूप से घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम
आनन-फानन में परिजनो ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान मृतका के पति अशोक नट के द्वारा अपने भाई विनोद नट सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है।
सिर में चोट लगने के कारण हुई मौत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ मिथिलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के सिर में लली गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हुई है। इधर, वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस बल गश्त कर रहा है। मृतका के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।