खौफनाक वारदात: लाई-चूड़ा लेकर बहन के ससुराल गया था भाई, खेत में मिली लाश, हत्यारों ने निकाल ली थीं दोनों आंखें
वतार नगर थाना क्षेत्र के रामू टोला गांव में छपरा पटना मुख्य मार्ग से सटे सरसों के खेत से गुरुवार को थाना पुलिस द्वारा एक युवक का शव बरामद किया गया। अवतार नगर थाना पुलिस वहां ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थी।
जागरण संवाददाता, छपरा। अवतार नगर थाना क्षेत्र के रामू टोला गांव में छपरा पटना मुख्य मार्ग से सटे सरसों के खेत से गुरुवार को थाना पुलिस द्वारा एक युवक का शव बरामद किया गया। अवतार नगर थाना पुलिस वहां ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थी। बताया गया कि खेत में काम करने गए रामू टोला गांव के ही एक किसान ने युवक का शव देखकर शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंचे। थोड़ी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की ओर से दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। अवतार नगर थाना अध्यक्ष मोहम्मद जफरूद्दीन ने बताया कि मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के भलुआ गांव निवासी 20 वर्षीय राजन उर्फ मैनी नट पिता इस्लाम नट के रूप में की गई है। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की हालत देखकर लग रहा है कि उसकी हत्या चार-पांच दिन पहले की गई है। कहीं अन्यत्र युवक की हत्या कर शव यहां लाकर फेंका गया है। युवक की दोनों आंखें निकाली गई हैं। घटना को लेकर आस-पास के गांव में काफी चर्चा है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि युवक के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग में हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बताया गया कि युवक मकर संक्रांति के मौके पर लाई और चूरा लेकर अपनी बहन के ससुराल गया था। तब से वह घर नहीं लौटा था।