एक बेटे का शव पहुंचा, दूसरे का पुतला जलाकर पिता ने किया अंतिम संस्कार; शोक में डूबा सारण का गांव
दरियापुर के लालबाबू राय के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, जहां एक बेटे रंजन का शव मिला और दूसरे लापता बेटे राजीव का पुतला बनाकर अंतिम संस्कार किया गया।

एक बेटे का शव पहुंचा, दूसरे का पुतला जलाकर पिता ने किया अंतिम संस्कार (AI Generated Image)
HighLights
एक बेटे का शव मिला, दूसरे का पुतला जलाया।
रंजन भाई राजीव को खोजने गया, डूबने से मौत।
दीपावली से पहले परिवार पर दुखों का पहाड़।
संवाद सूत्र, दरियापुर (सारण)। दीपावली से पहले दरिहारा चतुर्भुज गांव के लालबाबू राय के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो बेटों से जुड़ी दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
एक बेटे का शव घर पहुंचा, जबकि दूसरे के नहीं मिलने पर पिता ने उसका पुतला बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया। घर में चीख-पुकार मची रही और मोहल्ले में चूल्हे तक नहीं जले।
भाई को खोजने पहुंचे रंजन की डूबने से मौत, राजीव अब भी लापता:
गुजरात की निजी कंपनी में काम करने वाला 23 वर्षीय राजीव कुमार घर लौटते समय लापता हो गया था। उसकी तलाश में मुंबई में आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंधक पद पर कार्यरत बड़ा भाई रंजन कुमार पहुंचा था।
इसी दौरान नहर में डूबने से रंजन की मौत हो गई। बेटे का शव मिलने के बाद पिता ने उसका अंतिम संस्कार किया और राजीव का पुतला जलाया।
पिता को उम्मीद थी कि बेटा फोन करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पुलिस राजीव के साथियों से संपर्क कर मामले की जांच कर रही है। मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र राय ने स्वजन को सांत्वना दी।
