विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांवड़ियों का भेष, भगवा झंडे और अंदर शराब की खेप! बिहार में पुलिस ने खोला तस्करी का बड़ा राज

Published: Sat, 15 Aug 2026 04:50 PM (IST)

सारण के मांझी में पुलिस ने कांवड़ यात्रा की आड़ में शराब तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

आठ गिरफ्तार, अब पूरे नेटवर्क की तलाश(AI फोटो)

आठ गिरफ्तार, अब पूरे नेटवर्क की तलाश(AI फोटो)

HighLights

  1. कांवड़ यात्रा की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़।

  2. पुलिस ने दो वाहनों से 276 लीटर शराब जब्त की।

  3. आठ आरोपित गिरफ्तार, समस्तीपुर ले जा रहे थे शराब।

संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। सारण के मांझी में पुलिस ने कांवड़ यात्रा की आड़ में शराब तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो वाहनों से 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दोनों वाहन चालकों समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने जांच से बचने के लिए वाहनों को कांवड़ियों के वाहन जैसा रूप दे रखा था। दोनों वाहनों पर भगवा झंडे लगाए गए थे।

इसी पहचान की आड़ में शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाने की तैयारी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पता लगाया।

भगवा झंडे लगे वाहन देखकर पुलिस को हुआ शक

थानाध्यक्ष बिनोद कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कांवड़ियों का रूप धारण कर शराब की खेप बिहार ला रहे हैं।

सूचना मिलते ही यूपी-बिहार मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान भगवा झंडे लगी एक स्कॉर्पियो और पिकअप पुलिस के रडार पर आई।

पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली तो अंदर शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद वाहन में मौजूद लोगों को हिरासत में ले लिया गया। जांच में कुल 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद होने की बात सामने आई है।

समस्तीपुर तक पहुंचनी थी शराब की खेप

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि शराब की खेप को समस्तीपुर में अनलोड करने की योजना थी।

इसके लिए तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने का तरीका भी तैयार किया था। वाहनों को भगवा झंडों से सजाकर उन्हें कांवड़ियों के वाहन जैसा बनाया गया था।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप किसने भेजी थी और समस्तीपुर में इसे किसके हवाले किया जाना था।

आठ गिरफ्तार, अब पूरे नेटवर्क की तलाश

मांझी पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों समेत आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस की नजर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क पर है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अब जांच का फोकस इस बात पर है कि इस गिरोह के पीछे कौन लोग हैं और बिहार में शराब की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।